उत्तराखंड

महाशिवरात्रि पर खटीमा पहुंचे सीएम धामी, बनखंडी महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर 12 दिवसीय मेले का किया शुभारंभ

खटीमा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चकरपुर स्थित बनखंडी महादेव शिव मंदिर पहुंचकर पारंपरिक विधि से पूजा-अर्चना की और शिवलिंग पर जलाभिषेक कर प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में आयोजित महाशिवरात्रि मेले का फीता काटकर और नारियल फोड़कर औपचारिक शुभारंभ किया।

आवास से सीधे मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री अपने नगरा तराई स्थित आवास से सीधे मंदिर पहुंचे, जहां स्थानीय श्रद्धालुओं और आयोजकों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने मेले के उद्घाटन के बाद श्रद्धापूर्वक जलाभिषेक किया और भगवान भोलेनाथ से प्रदेशवासियों की खुशहाली की प्रार्थना की।

पुरानी यादों से जुड़ा मेला, संस्कृति का प्रतीक: सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि चकरपुर का शिवरात्रि मेला वर्षों पुरानी परंपरा का प्रतीक है और इससे उनकी कई पुरानी यादें जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मेले समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजकर रखना चाहिए। उन्होंने पर्व के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान शिव की कृपा सभी पर बनी रहने की कामना की।

जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या, पालिका अध्यक्ष रमेश जोशी, मेला कमेटी अध्यक्ष गोपाल सिंह बिष्ट, हिमांशु बिष्ट, कैलाश मनराल, नवीन बोरा, राम सिंह जेटी, सुधीर वर्मा, राकेश बिष्ट, मनोहर सिंह, जीवन पोखरिया, सुरेश चंद, वरुण अग्रवाल, सतीश भट्ट और किशन चंद सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button