देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सरकार किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य का कोई भी नागरिक जब किसी थाने, चौकी या सरकारी कार्यालय में अपनी शिकायत लेकर पहुंचता है, तो उसकी सुनवाई सुनिश्चित की जा रही है। यदि कहीं भी शिकायतों के निस्तारण में कोताही पाई गई, तो जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शिकायतों में देरी पर सख्त रुख
सचिवालय में बुधवार को पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि शिकायतों के निपटारे में लेटलतीफी किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनता की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि
एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर आवश्यक और व्यावहारिक निर्णय लिए जा रहे हैं, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुचारू रूप से संचालित हो सके।
अंकिता भंडारी हत्याकांड पर सरकार का रुख साफ
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस मामले में सरकार ने हर वह कदम उठाया है, जिसकी आवश्यकता थी। उन्होंने कहा कि विपक्ष जिन बिंदुओं को उठा रहा था, उन पर सरकार पहले ही कार्रवाई कर चुकी थी। आडियो क्लिप सामने आने के बाद अंकिता के माता-पिता ने CBI जांच की मांग की थी, जिस पर सरकार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए CBI से जांच का अनुरोध किया। अब इस मामले में CBI जांच शुरू हो चुकी है।
नए टैरिफ समझौते से भारतीय उत्पादों को मिलेगा वैश्विक लाभ
मुख्यमंत्री धामी ने भारत की आर्थिक स्थिति पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि देश अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। अमेरिका के साथ नए टैरिफ को लेकर हुए समझौते से भारतीय उत्पादों के लिए बड़े बाजार खुलेंगे और घरेलू उद्योगों को नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि इस समझौते से भारत के विकास की रफ्तार तेज होगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को मजबूती मिलेगी।




