खटीमा। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा पहुंचे। यहां उन्होंने ब्रह्मदेव मंदिर, लोहिया पुल क्षेत्र में भगवान शिव एवं हनुमान जी की प्रतिमाओं का विधिवत अनावरण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की तथा प्रसाद ग्रहण किया।

उत्तरायणी मेले का किया शुभारंभ
ब्रह्मदेव मंदिर पहुंचने से पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लाल कोठी पहुंचकर प्रसिद्ध उत्तरायणी मेले का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। उत्तरायणी मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान का प्रतीक माना जाता है, जहां हर वर्ष मकर संक्रांति पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। मुख्यमंत्री ने मेले के आयोजन को परंपरा और संस्कृति से जोड़ते हुए इसे जनमानस के लिए महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राम सिंह जेठी, नवीन बोरा, महेंद्र सिंह दिगारी, मन्नू मेहर, पूरन जोशी, नरेंद्र सिंह और मनोहर पांडे सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए।




