दिल्ली

दिल्ली में धर्मशाला से ज्यादा ठंड, अगले 2 दिन में पारा और लुढ़कने के आसार; कोहरे की संभावना कम

राजधानी दिल्ली में शनिवार को इस मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा। राजधानी में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, दिल्ली में सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 91 फीसदी थी। वहीं, सुबह 9.10 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 290 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।

मौसम विभाग ने दिन में दिल्ली में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने के आसार जताए हैं। विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिल्ली में शुक्रवार को भी ठंडा दिन रहा। गुरुवार को जहां न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री था, वहीं शुक्रवार को यह गिरकर 6.2 डिग्री पर पहुंच गया। शुक्रवार को दिल्ली की सर्दी ने धर्मशाला को भी पीछे छोड़ दिया। धर्मशाला में जहां शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं दिल्ली में न्यूनतम तापमान 6.2 रहा है। अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान गिरकर 5 डिग्री तक जा सकता है।

मौसम वैज्ञानिक महेश पालावत ने बताया कि गुरुवार को जहां पश्चिम दिशा से हवाएं चल रही थीं, जबकि शुक्रवार को उत्तर-पश्चिम दिशा से हवा बही। दिल्ली में आसमान के साफ होने एवं उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही हवाओं के चलते ठंड बढ़ रही है। दिल्ली में आसमान साफ होने के साथ ही सुबह के समय कोहरा भी नहीं है। दिन के समय धूप निकलने के चलते ठंड कम है। गौरतलब है कि 0 से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई ‘गंभीर’ माना जाता है।

Related Articles

Back to top button