झारखंड में 15 साल की सबसे ठंडी फरवरी, नौ डिग्री तक लुढ़का पारा, ठंड ने मारी जोरदार वापसी

रांची। झारखंड में फरवरी का महीना इस बार दिसंबर-जनवरी जैसी सर्दी लेकर आया है। पहाड़ी इलाकों में हो रहे हिमपात और ऊपरी वायुमंडल में सक्रिय जेट स्ट्रीम हवाओं का असर राज्य के मौसम पर साफ नजर आने लगा है। हालात ऐसे हैं कि फरवरी में ठंड ने पिछले 15 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है और न्यूनतम तापमान सीधे नौ डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
बसंत के बाद आई थी गर्माहट, अचानक बदला मौसम
बसंत पंचमी के बाद से राज्य में दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगी थी। ठंड का असर कम हो गया था और दिन में मौसम सुहाना बना हुआ था। शाम के समय हल्के गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ रही थी, लेकिन शुक्रवार से मौसम ने अचानक यू-टर्न ले लिया और ठंड एक बार फिर हावी हो गई।
धनबाद में सर्द हवाओं की दस्तक, स्वेटर-जैकेट फिर निकले
शुक्रवार को धनबाद में दिनभर सर्द हवाएं चलती रहीं, जिससे लोगों को फिर से स्वेटर और जैकेट निकालने पड़े। पूरे दिन ठंड का असर बना रहा। शाम ढलते ही ठिठुरन और बढ़ गई और न्यूनतम तापमान गिरकर नौ डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
15 साल में पहली बार इतनी ठंडी फरवरी
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 15 वर्षों में फरवरी महीने का न्यूनतम तापमान आमतौर पर 14 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है। इस बार तापमान में आई भारी गिरावट के साथ झारखंड में सबसे सर्द फरवरी का रिकॉर्ड दर्ज किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि ठंड का यह असर अभी कुछ दिनों तक बना रह सकता है।
अगले दो दिन और गिरेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे रात और सुबह के समय ठंड और बढ़ने की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम का मिजाज
रविवार की रात से हिमालय क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना जताई गई है। इसके प्रभाव से 9 से 11 फरवरी के बीच पहाड़ी इलाकों में हिमपात होगा। इसका असर झारखंड के धनबाद और आसपास के क्षेत्रों में भी देखने को मिलेगा।
बादलों से मिलेगी थोड़ी राहत, फिर लौटेगी ठंड
आने वाले तीन से चार दिनों तक धनबाद समेत आसपास के इलाकों में बादल छाए रहने की संभावना है। बादलों की आवाजाही से ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन मौसम साफ होते ही तापमान में एक बार फिर गिरावट दर्ज होने के आसार हैं।



