छत्तीसगढ़राज्य

वर्ष 2021 की तुलना में वर्ष 2022 में गंभीर अपराधों में आई कमी : दिव्यांग पटेल

कोंडागांव : पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने बताया कि पुलिस द्वारा वर्ष 2022 में अलग-अलग अपराधो के कुल 976 मामले दर्ज किए गए। वर्ष 2021 में हत्या के कुल 19 मामले दर्ज किए गए थे एवं वर्ष 2022 में हत्या के 18 मामले दर्ज किए गए। इसी प्रकार वर्ष 2021 में हत्या के प्रयास के 11 मामले दर्ज किए गए थे एवं वर्ष 2022 में हत्या के प्रयास के 7 मामले दर्ज किए गए। वर्ष 2021 में लूट के 3 मामले दर्ज किए गए थे एवं वर्ष 2022 में सिर्फ 1 मामला दर्ज किया गए। बलात्कार के प्रकरण में वर्ष 2021 में 59 मामले दर्ज किए गए थे एवं 2022 में 42 मामले दर्ज किए गए। वर्ष 2021 की तुलना में वर्ष 2022 में गंभीर अपराधों में कमी आई है। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने जिले के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को बधाई दी गई।

कोंडागांव जिला नक्सल प्रभावित जिला है जिसमें वर्ष 2021 में 07 नक्सल प्रकरण दर्ज किए गए थे एवं वर्ष 2022 में 03 नक्सल प्रकरण दर्ज किए गए इस प्रकार नक्सल घटनाओं में भी कमी आई है, इस दौरान आम जनता की सुरक्षा के लिए कोंडागांव पुलिस द्वारा वर्ष 2022 में दूरस्थ नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कुल 3 नए पुलिस कैंप स्थापित किए गए। जिसमें केशकाल थाना अंतर्गत कुएंमारी कैंप, थाना मदार्पाल अंतर्गत पुंगारपाल कैंप जिसमें थाना की भी शुरूआत की गई एवं पुंगारपाल थाना के अंतर्गत कुदुर में पुलिस कैंप खोला गया। इस तरह नए कैंप खोले जाने से नक्सल घटनाओं में भी कमी आई है। कोंडागांव जिले से नेशनल हाईवे की लगभग 90 किलोमीटर सड़क गुजरती है जिसमें सड़क दुर्घटनाएं भी बड़ी संख्या में होती है। वर्ष 2021 में 169 सड़क दुर्घटनाओं से मृत्यु हुई थी एवं वर्ष 2022 में सड़क दुर्घटना से 161 मृत्यु हुई। अधिकतर दो पहिया वाहन चालकों की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो रही है। जिसमें हेलमेट ना पहनने की वजह से दुर्घटना में जोखिम बढ़ जाती है कोंडागांव पुलिस जिले की जनता से अपील करती है कि हमेशा हेलमेट पहनकर ही दोपहिया वाहन चलाएं एवं चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करें।

एनडीपीएस के प्रकरण में कोंडागांव पुलिस द्वारा वर्ष 2022 में कुल 2360 किलोग्राम गांजा जप्त किया गया। जो वर्ष 2021 के 1250 किलोग्राम की जब्ती की तुलना से बहुत ज्यादा है। जिले में थाना कोंडागांव एवं थाना अनंतपुर के अंतर्गत 02 नए स्पेशल चेकपोस्ट बनाए गए हैं। जहां पुलिस द्वारा 24 घंटे संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जाती है। अवैध तस्करी के प्रकरण में कोंडागांव पुलिस ने वर्ष 2022 के दौरान कीमती चंदन लकड़ी की तस्करी पर भी बड़ी कार्यवाही करते हुए लगभग 02 करोड़ कीमती 985 किलोग्राम चंदन की लकड़ी जप्त कर तस्करों को जेल भेजा गया। अवैध शराब के प्रकरणों में 2021 में कुल 156 लीटर अवैध शराब जप्त किए गए थे एवं वर्ष 2022 में कुल 250 लीटर अवैध शराब जप्त किया गया।

गुम बालक बालिका के प्रकरणों में वर्ष 2022 में जिले के कुल 62 बालक बालिकाएं गुम हुए। जिसमें आईपीसी की धारा 363 366 के अंतर्गत अपराध दर्ज किए गए एवं कोंडागांव पुलिस द्वारा 59 गुम बालक बालिकाओं को सकुशल बरामद कर उनके परिजन को सौंपा गया है एवं 3 गुम बालक बालिका की बरामदगी बाकी है, जिनकी पता तलाश जारी है, बहुत जल्द उनको भी सकुशल बरामद कर उनके परिवार के सुपुर्द किया जाएगा। इस दौरान दिसंबर माह में आपरेशन मुस्कान चलाकर बड़ी संख्या में गुम बालक बालिकाओं को बरामद किया गया है। गुम मोबाईल के प्रकरणों में वर्ष 2022 के दौरान कोंडागांव पुलिस द्वारा कुल 377 मोबाइल ढूंढकर पृथक पृथक 4 बार विशेष समारोह आयोजित कर प्रार्थियो को लौटाए गए।

Related Articles

Back to top button