मध्य प्रदेशराज्य

आज से लगातार 7 दिन तक कांग्रेस करेगी सरकार पर हमला

भोपाल : प्रदेश कांग्रेस आज से लगातार सात दिन तक प्रदेश सरकार की नाकामियों को लेकर पत्रकार वार्ता करेगी। हर दिन अलग-अलग विषय पर भोपाल से लेकर हर संभाग मुख्यालय और जिलों में पत्रकार वार्ताओं का आयोजन होगा। पहले दिन प्रदेश सरकार पर युवा नीति पर आड़े हाथों लिया जाएगा।

इसमें बेरोजगारी और युवाओं से जुड्ने अन्य मुद्दों को शामिल किया जाएगा। बताया जाता है कि आज ग्वालियर में नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, भोपाल में युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रांत भूरिया, इंदौर में पूर्व मंत्री बाला बच्चन, सागर में पूर्व मंत्री मुकेश नायक, नर्मदापुरम में पीसी शर्मा, उज्जैन में जयवर्धन सिंह पत्रकार वार्ता लेंगे। ये सभी युवा नीति पर सरकार को घेरेंगे।

इनके साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में जिला अध्यक्ष और इस जिले के कांग्रेस विधायक भी पत्रकार वार्ता करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के निर्देश पर 23 से 29 मार्च तक सभी जिलों में पत्रकार वार्ता होगी। अन्य दिनों में पत्रकार वार्ता में महंगाई, भ्रष्टाचार, किसान, ओला, अतिवृष्टि, महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी कांग्रेस प्रदेश सरकार को घेरेगी।

इधर युवा कांग्रेस ने यंग इंडिया के बोल कार्यक्रम के सीजन 3 की शुरूआत से प्रदेश में कर दी है। प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने बताया कि देश में इससे पहले युवा कांग्रेस को दो सीजन हो चुके हैं। यह तीसरा सीजन युवा कांग्रेस के राष्टÑीय नेतृत्व के निर्देश पर आयोजित हो रहा है। इस कार्यक्रम के जरिए युवा कांग्रेस में प्रवक्ताओं का चयन किया जाता है।

Related Articles

Back to top button