टॉप न्यूज़फीचर्डराष्ट्रीय

Coronavirus: 31 मार्च तक ओडिशा में बंद रहेंगे स्कूल और सिनेमा हॉल

नई दिल्ली: ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राज्य विधानसभा में कहा कि कोरोना वायरस के मद्देनजर सभी शैक्षणिक संस्थान 31 मार्च तक बंद रहेंगे। स्कूलों को परीक्षा कराने की अनुमति दी गई है। सिनेमा हॉल, स्विमिंग पूल और जिम भी 31 मार्च तक बंद रहेंगे।

नोएडा में कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्ति की पुष्टि हुई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि नोएडा में एक निजी कंपनी का कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। वह दिल्ली का रहने वाला है। वह हाल ही में चीन और फ्रांस की यात्रा करके लौटा है। दिल्ली में अभी तक छह मामले सामने आए हैं।

कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर नेपाल ने शुक्रवार को माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई के लिए अनुमति को रद कर दिया। इससे पहले गुरुवार को चीन ने इस पर रोक लगा दी थी। संस्कृति पर्यटन और नागरिक उड्डयन मंत्री योगेश भट्टराई समाचार एजेंसी एएफपी को बताया कि नेपाल ने देश के सभी पहाड़ों पर चढ़ाई पर रोक लगाने के साथ-साथ पर्यटक वीजा जारी करना बंद कर दिया है।

ईरान ने कोरोना वायरस से पिछले 24 घंटे में 75 और लोगों की मौत की जानकारी दी। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी। इससे देश में 429 लोगों की मौत हो गई है। वहीं यहां 1,075 नए मामले सामने आए हैं। 10,075 लोग अभी तक इससे संक्रमित हो गए हैं। मिडिल ईस्ट में सबसे ज्यादा मामले ईरान में ही सामने आए हैं।

वुहान से वापस लाए गए 112 लोग संक्रमित नहीं

चीन के वुहान से वापस लाए गए 112 लोगों में कोरोना वायरस से संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। सभी लोगों भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के छावला कैंप में विशेष निगरानी में रखा गया था।112 लोगों में से 36 विदेशी नागरिक हैं। आइटीबीपी ने इसकी जानकारी दी है।

रोम में पिछले 24 घंटे से करीब 200 भारतीय फंसे हुए हैं

इटली की राजधानी रोम में पिछले 24 घंटे से करीब 200 भारतीय फंसे हुए हैं। समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार रोम में फंसे छात्र रऊफ अहमद ने गुरुवार को कहा कि पिछले 24 घंटे से करीब 200 भारतीय रोम के हवाई अड्डे पर फंसे हुए हैं। उनमें से अधिकांश तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और पंजाब से हैं।

इटली में 1,016 लोगों की मौत

बता दें कि इटली में कोराना वायरस (Covid-19) से 1,016 लोगों की मौत हो गई है। 15,113 से ज्यादा लोग संक्रमित हो गए हैं। जबकि, 1,258 लोग ठीक हो गए हैं। बुधवार को बाद से देश में 2,651 मामले सामने आए हैं। चीन के बाद वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित इटली हुआ है।

भारत में एक मौत, कुल 75 मरीजों की पुष्टि

वहीं भारत ने गुरुवार को पहली मौत की जानकारी दी। कर्नाटक में एक 76 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई है। कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री बी श्रीरामुलु ने बताया कि वह सऊदी अरब से लौटा था और मंगलवार रात को उसकी मौत हो गई। वहीं कुल 16 नए मामलों के साथ देश में संक्रमित लोगों की संख्या 75 हो गई है।

कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की पत्नी कोरोना वायरस से संक्रमित

कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की पत्नी सोफी ग्रेगोइरे ट्रूडो कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई हैं। कनाडा में लगभग 150 लोग संक्रमित हो गए हैं। वहीं एक व्यक्ति की मौत भी हुई है।

जर्मनी में पांच लोगों की मौत

समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार जर्मनी में कोरोना वायरस से पांच लोगों की मौत हो गई है। वहीं 2,000 से ज्यादा संक्रमित हैं। वहीं नॉर्वे में 702 लोग इससे संक्रमित हैं।

Related Articles

Back to top button