एमपी में ठंड से फिलहाल राहत, लेकिन 3 दिन बाद फिर बदलेगा मौसम, ग्वालियर-चंबल में बारिश के आसार

मध्य प्रदेश में लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से कड़ाके की ठंड से फिलहाल राहत मिल गई है। बुधवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस मंदसौर में दर्ज किया गया। ग्वालियर में सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहा, जबकि दिन का सबसे अधिक तापमान 29 डिग्री सेल्सियस मंडला में रिकॉर्ड किया गया। मौसम में आई इस नरमी से लोगों को ठंड से कुछ सुकून जरूर मिला है।
अभी 2-3 दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों तक मौसम के मिजाज में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। तापमान सामान्य के आसपास बना रह सकता है। हालांकि, इसके बाद मौसम एक बार फिर करवट लेने के संकेत दे रहा है। ग्वालियर और चंबल संभाग के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना जताई जा रही है।
इन जिलों में कोहरे का असर
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से बताया गया है कि गुरुवार को ग्वालियर, दतिया, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में मध्यम स्तर का कोहरा छा सकता है। सुबह और देर रात के समय दृश्यता कम होने की आशंका है, जिससे वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
कई सिस्टम एक साथ कर रहे असर
मौसम विभाग के मुताबिक, वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में सक्रिय है, जिसके साथ एक द्रोणिका भी जुड़ी हुई है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं, एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पूर्व ईरान के ऊपर सक्रिय है। पूर्वोत्तर भारत में ऊंचाई पर तेज गति से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं, जो मौसम में बदलाव की बड़ी वजह बन रही हैं।
26 जनवरी से फिर बदलेगा मौसम का रुख
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 26 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमोत्तर भारत को प्रभावित कर सकता है, जिसका असर मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी दिखाई देगा। इससे तापमान में उतार-चढ़ाव और बादल-बारिश की स्थिति बन सकती है।
तापमान में फिर आ सकती है गिरावट
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी वीएस यादव के मुताबिक, लगातार पश्चिमी विक्षोभ के कारण फिलहाल कड़ाके की ठंड की स्थिति नहीं है। लेकिन जैसे ही यह सिस्टम आगे बढ़ेगा, तीन दिन बाद रात के तापमान में फिर गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके साथ ही ग्वालियर और चंबल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बारिश होने की भी संभावना है।



