टॉप न्यूज़राज्यराष्ट्रीय

अमरनाथ यात्रा : बम-बम भोले के जयकारे लगाते इतने लाख श्रद्धालुओं के लिए दर्शन

जम्मू: इस वर्ष 29 जून से शुरू हुई वार्षिक अमरनाथ यात्रा रविवार को 24वें दिन में प्रवेश कर गई। इसी कड़ी में रविवार को जम्मू के बेस कैम्प यात्री निवास भगवती नगर से 3,113 तीर्थयात्रियों का 24वां जत्था दक्षिण कश्मीर के बालटाल और पहलगाम आधार शिविरों की ओर रवाना हुआ। बालटाल की ओर भेजे गए जत्थे में 719 पुरुष, 405 महिलाएं, 4 बच्चे, 19 साधु और 6 साध्वियां शामिल हैं जिन्हें 48 वाहनों के काफिले में रवाना किया गया जबकि पहलगाम की ओर भेजे गए जत्थे में 1596 पुरुष, 287 महिलाएं, 68 साधु और 9 साध्वियां शामिल हैं जिन्हें 75 वाहनों में कड़ी सुरक्षा के बीच भेजा गया।

जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा में अभी तक लगभग 3.90 लाख श्रद्धालु पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। पिछले साल 4.5 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए थे और इस बार भी ये आकंड़ा साढ़े चार से अधिक होने का अनुमान है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल जत्थे को सुरक्षा मुहैया करवा रहे हैं। यात्रा निर्विघ्न सुचारू रूप से चल रही है। एल.जी. प्रशासन यात्रा को सुचारू बनाने में पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। इस वर्ष यह यात्रा 52 दिन चलेगी और अगले महीने की 19 तारीख को श्रावण पूर्णिमा और रक्षा बंधन के दिन संपन्न होगी।

जम्मू में यात्रियों का आना जारी
यात्रा के 24वें दिन भी देश के कोने-कोने से अमरनाथ यात्रा के लिए तीर्थयात्रियों का जम्मू पहुंचना जारी था। रविवार को हजारों की संख्या में तीर्थयात्री विभिन्न माध्यमों से जम्मू पहुंचे। अपने निजी वाहनों, रेल मार्ग और बसों के माध्यम से यात्रा के लिए तीर्थयात्रियों के पंजीकरण की प्रक्रिया भी जोरशोर से जारी है। महाजन हाल और सरस्वती धाम में लगातार ऑन स्पाट पंजीकरण की प्रक्रिया चल रही है। हालांकि अब इतनी भीड़ नहीं दिख रही है जितनी कि शुरूआत में देखी गई।

Related Articles

Back to top button