उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

देश के उत्थान में व्यापारियों का अहम योगदान : दया शंकर सिंह

राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन की रैली में पहुंचे परिवहन मंत्री

लखनऊ : देश के उत्थान में हमेशा व्यापारियों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया है, चाहे आजादी की लड़ाई हो या राम जन्म भूमि पर मंदिर के निर्माण की बात हो, दोनों ही जगह व्यापारियों का योगदान सराहनीय रहा है। यह बात आज राजधानी के रविन्द्रालय प्रेक्षागृह में परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह ने राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन की विशाल व्यापारी रैली में मुख्य अतिथि के रूप में कही। उन्होंने आगे कहा कि इस देश के उत्थान में व्यापारियों का अप्रतिम योगदान रहा है, उनके कारण ही मंदिर का भव्य निर्माण संभव हो पाया है। उन्होंने व्यापारियों की मांगों को न्यायोचित बताते हुए मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। समारोह में विशिष्ट अतिथि व्यावसायिक शिक्षा और कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने व्यापारियों की मांगों से सहमति जताते हुए कहा कि आज की सरकार में व्यापारियों का हित सुरक्षित है। पहले गरीब को मिटाने की बात होती थी, आज गरीब के कल्याण की बात होती है। पहले भ्रष्टाचार से व्यापारी पीड़ित थे, आज सुरक्षित माहौल में व्यापार कर रहे हैं।

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित गुप्ता ने अपने संबोधन में देश के 11 करोड़ खुदरा व्यापरियों की मूलभूत समस्याओं को मंत्रीगण के सामने रखते हुए खुदरा व्यापार मंत्रालय के गठन की मांग रखी। उन्होंने व्यापारियों की कर्जदारी का मामला उठाते हुए कहा कि इस समय सरकारी और प्राइवेट माध्यम से क्रेडिट कार्ड और पर्सनल लोन धुआंधार बांटे जा रहे हैं, इस पर सख्ती से अंकुश लगाने की जरूरत है क्योंकि इसके जाल में फंसकर व्यापारी आत्महत्या को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने दया शंकर सिंह और कपिल देव अग्रवाल को एक सुझाव पत्र सौंपा, जिसमें जीएसटी का स्लैब कम करने, व्यापारियों को 60 वर्ष से ऊपर या काम करने में आशक्त हो जाने पर पेंशन देने, जीएसटी का सरलीकरण करने, विधान परिषद और राज्यसभा तथा निगमों में व्यापारियों को नामित करने, दो लाख तक के ऋण माफ करने, ऑनलाइन बिजनेस पर रोक लगाने तथा व्यापारियों के लिए दैवीय आपदा कोष बनाने की मांग की गई है।

मनीष पटियानी बने लखनऊ महानगर के अध्यक्ष

इससे पूर्व व्यापारियों की रैली में पहुंचने पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह तथा व्यावसायिक शिक्षा और कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल का व्यापारियों ने जोरदार स्वागत किया तथा रामलला की प्रतिमा भेंट कर उनको सम्मानित किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित कुमार गुप्ता ने मनीष पटियानी को लखनऊ महानगर का अध्यक्ष बनाने की घोषणा की। इस अवसर पर महेश गोयल, ओंकारनाथ केशरी, जगत नारायण, रितेश अग्रवाल, शिवम विश्नोई, मनीष अग्रवाल, गोविंद बाबू टाटा, अश्विनी गुप्ता, अनीता अग्रवाल और कुसुम केशरवानी सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आये तमाम व्यापारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button