मनोरंजन

एक्टर-डायरेक्टर रविंद्र महाजनी की मौत, तीन दिन तक घर में सड़ रहा था शव

मुंबई : मराठी एक्टर-डायरेक्टर रविंद्र महाजनी पुणे के तालेगांव दभाड़े में अपने किराये के घर में मृत पाए गए हैं। शुक्रवार को पुलिस ने उनका शव बरामद किया है, जिसे 2-3 दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक मुंबई के रहने वाले रविंद्र आठ महीनों से पुणे में अकेले किराये पर रह रहे थे। उनकी मौत का कारण फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

जानकारी के मुताबिक रविंद्र के घर से गंध आने लगी तो पड़ोसियों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। शुक्रवार शाम 4:30 बजे इस बात का पता चला। पुलिस मौके पर पहुंची तो उनके घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। आसपास के लोग और पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और वहां शव पड़ा मिला। घर के मालिक ने शव की पहचान रविंद्र के रूप में की है।

पुलिस ने आशंका जताई है कि शव दो से तीन दिन पुराना हो चुका है। मौत का कारण पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। महाजनी को ‘मुंबईचा फौजदार’ (1984) ‘आ कलात नकलत’ (1990) जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता था। मराठी फिल्म इंडस्ट्री में रविंद्र बड़ा नाम थे। उन्हें मराठी इंडस्ट्री का विनोद खन्ना कहा जाता था।

गश्मीर महाजनी जो इस वक्त टीवी के बड़े स्टार हैं, रविंद्र उनके पिता थे। गश्मीर भी अपने पिता की तरह अच्छे एक्टर हैं। वह ‘इमली’ सीरियल में आदित्य त्रिपाठी के किरदार में नजर आए थे। इसके बाद अब वह ‘तेरे इश्क में घायल’ शो में नजर आ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button