उत्तराखंड

देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे बंद: पीएम दौरे से पहले ट्रैफिक डायवर्जन लागू, सहारनपुर-रुड़की के लिए बदले रूट

देहरादून। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए देहरादून में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। गणेशपुर क्षेत्र में सड़क मरम्मत कार्य के चलते देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे को रविवार से ही पूरी तरह बंद कर दिया गया है। यह व्यवस्था कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगी।

मरम्मत कार्य के चलते तत्काल प्रभाव से बंद हुआ मार्ग
यातायात पुलिस के अनुसार गणेशपुर में चल रहे सड़क मरम्मत कार्य के कारण एक्सप्रेस-वे पर आवाजाही रोक दी गई है। यह प्रतिबंध मंगलवार तक प्रभावी रहेगा। आम लोगों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेकर ही निकलें, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।

देहरादून से सहारनपुर/रुड़की/दिल्ली के लिए ये रूट
देहरादून से सहारनपुर, रुड़की या दिल्ली जाने वाले वाहन शिमला बाईपास तिराहा से नयागांव रोड होते हुए धर्मावाला चौक और बेहट के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। इसके अलावा रिस्पना पुल, जोगीवाला, लालतप्पड़ और रायवाला होते हुए हरिद्वार मार्ग से भी वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध रहेगा।

छुटमलपुर और बिहारीगढ़ के लिए वैकल्पिक मार्ग
देहरादून से छुटमलपुर और बिहारीगढ़ जाने वाले वाहन शिमला बाईपास तिराहा से नयागांव रोड, धर्मावाला चौक और शाकुंभरी देवी मार्ग से होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।

दिल्ली और आसपास से देहरादून आने वालों के लिए रूट प्लान
दिल्ली, सहारनपुर, रुड़की और छुटमलपुर से देहरादून या मसूरी आने वाले वाहन छुटमलपुर, बेहट, धर्मावाला चौक, प्रेमनगर, ठाकुरपुर हाईवे और बल्लूपुर चौक होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे।

भारी वाहनों पर भी यही व्यवस्था लागू
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी भारी वाहन भी इन निर्धारित डायवर्ट रूटों का ही पालन करेंगे। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि नियमों का पालन कर सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखें।


Related Articles

Back to top button