दिल्ली

दिल्ली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2026: 125+ फिल्मों के साथ राजधानी बनेगी ग्लोबल सिनेमाई हब, 25 से 31 मार्च तक होगा आयोजन

राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में 25 मार्च से 31 मार्च तक इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस फिल्म महोत्सव में 125 से अधिक फिल्मों की स्क्रीनिंग होगी, जिनमें देश और विदेश के चर्चित फिल्ममेकर, आर्टिस्ट, डायरेक्टर और टेक्निकल एक्सपर्ट्स भाग लेंगे। दिल्ली की भाजपा सरकार ने पिछले साल मार्च में अपने पहले बजट में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस इंटरनेशनल फेस्टिवल की घोषणा की थी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय में ‘इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली (IFFD) 2026’ का कर्टेन रेज़र जारी किया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में वेन्यू पर मधुमक्खियों के हमले के कारण करीब दो घंटे की देरी हुई।

राजधानी की क्रिएटिव पावर का जश्न

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे दिल्ली को ग्लोबल कल्चरल और सिनेमाई हब के रूप में स्थापित करने का ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव केवल फिल्मों का उत्सव नहीं, बल्कि दिल्ली की रचनात्मक ऊर्जा, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक सोच का उत्सव है। उनके मुताबिक, यह आयोजन आम लोगों तक विश्व सिनेमा को पहुंचाने के साथ-साथ स्थानीय फिल्ममेकर्स और टेक्नीशियनों को अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि फेस्टिवल का आयोजन नई दिल्ली के प्रमुख स्थलों पर किया जाएगा, जिनमें भारत मंडपम भी शामिल है।

दिल्ली को मिलेगी नई पहचान

दिल्ली सरकार का मानना है कि फिल्म पॉलिसी के तहत सिंगल-विंडो क्लियरेंस, प्रोडक्शन सपोर्ट और इंडस्ट्री कोलेबोरेशन के जरिए राजधानी को आकर्षक शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। IFFD 2026 को भारत की संभावित सिनेमाई राजधानी की दिशा में एक ठोस कदम माना जा रहा है। सरकार का दावा है कि यह फेस्टिवल दिल्ली को ग्लोबल कल्चरल मैप पर नई पहचान देगा।

युवा प्रतिभाओं के लिए इंटरनेशनल प्लेटफॉर्म

पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि यह आयोजन युवा प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच देगा। यह शहर-स्तरीय फिल्म फेस्टिवल भारतीय और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा को प्रदर्शित करने के साथ-साथ फिल्म संस्कृति को आम लोगों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। फेस्टिवल के विभिन्न कार्यक्रम राजधानी के अलग-अलग स्थलों पर आयोजित किए जाएंगे।

इस महोत्सव का आयोजन दिल्ली टूरिज्म एंड ट्रांसपोर्टेशन डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (DTTDC) द्वारा किया जा रहा है। इसे एक दीर्घकालिक सांस्कृतिक परियोजना के रूप में विकसित किया जा रहा है, जो फिल्म टूरिज्म, टैलेंट डेवलपमेंट और इंडस्ट्री सहयोग को नई गति देगा।

गाला प्रीमियर से लेकर मास्टरक्लास तक खास आयोजन

फेस्टिवल में गाला प्रीमियर, मास्टरक्लास, इंडस्ट्री डायलॉग, वर्कशॉप और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्टार-स्टडेड स्पेशल स्क्रीनिंग इसकी प्रमुख आकर्षण होंगी। डिजिटल और उभरते सिनेमा के लिए विशेष प्रेजेंटेशन नई तकनीक और नवाचार के प्रयोग का मंच प्रदान करेंगे।

फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े पेशेवरों को नेटवर्किंग, डिस्ट्रीब्यूशन और निवेश के नए अवसर मिलेंगे। जाने-माने फिल्ममेकर्स और विशेषज्ञों की मास्टरक्लास और पैनल डिस्कशन प्रतिभागियों को गहन जानकारी देंगे। सांस्कृतिक संध्याएं और लाइव परफॉर्मेंस इस आयोजन को कला और मनोरंजन के बहुआयामी उत्सव में बदल देंगी।

Related Articles

Back to top button