दिल्ली मेट्रो ने IPL मैच के लिए बढ़ाई आखिरी ट्रेनों की समयसीमा, क्रिकेटप्रेमियों के लिए सभी लाइनों के बढ़ा दिए फेरे

नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने अरुण जेटली स्टेडियम में 8 अप्रैल को होने वाले IPL मैच को देखते हुए सभी लाइनों पर आखिरी ट्रेनों का समय बढ़ाने का फैसला किया है। डीएमआरसी के इस एलान से मैच देखने के बाद के बाद घर लौटने वाले क्रिकेटप्रेमियों को घर जाने में कोई दिक्कत नहीं आएगी। साथ ही, उनकी यात्रा सुरक्षित भी रहेगी।
अरुण जेटली स्टेडियम में 8 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स (DC) बनाम गुजरात टाइटंस (GT) का मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। मैच समाप्त होने के बाद स्टेडियम के पास स्थित दिल्ली गेट और आईटीओ मेट्रो स्टेशनों पर भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए मेट्रो ने सभी लाइनों पर आखिरी ट्रेन का समय करीब 1 से 2 घंटे बढ़ाने का एलान किया है।
इसके तहत मैच के दिन कुल 76 अतिरिक्त ट्रिप्स चलाई जाएंगी। इससे दर्शक देर रात तक भी अपने गंतव्य तक आसानी से पहुंच सकेंगे। मेट्रो प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मैच के बाद स्टेशनों पर शांतिपूर्वक और अनुशासन बनाए रखें ताकि सभी को सुविधा मिल सके।
दिल्ली मेट्रो नियमित रूप से बड़े आयोजनों जैसे आईपीएल, टी20 विश्व कप आदि के दौरान अपनी सेवाएं बढ़ाती रही है। इस बार भी क्रिकेटप्रेमियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया है।



