दिल्ली

Delhi Weather: दिल्ली-NCR में ठंडी हवाएं बढ़ा रही परेशानी, कब से मिलेगी राहत, जानें IMD का अपडेट

राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को सुबह हवाएं चलने के साथ ही न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस मौसम का सामान्य तापमान है। वहीं वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) काफी बेहतर 156 दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली एनसीआर समेत उत्तर पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में अगले पांच दिनों तक शीतलहर चलने की संभावना नहीं है। दिल्ली एनसीआर में तेज हवाएं चलने के साथ ही अधिकतम तापमान के 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इससे प्रदूषण में सुधार नजर आएगा।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तेज हवाओं के चलने से ठंड का एहसास बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि ऐसी स्थितियां जारी रहेंगी। हवा की रफ्तार 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। इससे हवा की गुणवत्ता में सुधार बरकरार रहेगा। दिल्ली एनसीआर में दिन में धूप निकल रही है लेकिन पहाड़ों की ओर से चल रही ठंडी हवाओं के चलते दोपहर के समय भी ठंडक का एहसास देखा जा रहा है।

मौसम विभाग का मानना है कि राजधानी में अगले तीन से चार दिन तक उत्तर-पश्चिम दिशा से ठंडी हवाएं चलती रहेंगी। अगले दो दिनों तक इनकी रफ्तार में कमी आएगी लेकिन शनिवार को फिर 20 से 25 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलेगी। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक आसमान साफ रहेगा लेकिन तेज हवाओं के चलते ठंड से ज्यादा राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

दिल्ली में 4 फरवरी के बाद 7 और 8 फरवरी को भी तेज हवाएं चलेंगी। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि दिल्ली में सुबह और शाम के वक्त ठंड लोगों को परेशान करेगी। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री जबकि अधिकतम 20 डिग्री के आस पास रह सकता है।

मौसम विभाग की मानें तो ताजा पश्चिमी विक्षोभ से पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी देखी जा सकती है। हिमाचल प्रदेश में दो फरवरी को मध्यम और अधिक ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों के कुछ हिस्सों में बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई है। इसके अलावा चार फरवरी तक राज्य में मौसम के शुष्क रहने की संभावना है। शिमला और किन्नौर के सेब उत्पादक हालिया बर्फबारी से खुश हैं क्योंकि उनका कहना है कि मौजूदा मौसम से फसल को लाभ होगा।

हालांकि दक्षिण भारत में मौसम में बड़ा उलटफेर की संभावना बन रही है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटीय क्षेत्रों में तेज गति की तूफानी हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने को कहा गया है। आईएमडी ने कहा है कि समुद्र की स्थिति बहुत खराब रह सकती है। तटीय तमिलनाडु और पुडुचेरी में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। दक्षिण तमिलनाडु में 2 फरवरी को भारी बारिश हो सकती है। यही नहीं हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है।

Related Articles

Back to top button