दिल्ली

Delhi Weather Update: बारिश के बाद बढ़ने लगी गर्मी, आने वाले दिनों में तापमान में और उछाल के आसार

नई दिल्ली में कई दिनों तक चली बारिश और ठंडक के बाद अब मौसम का मिजाज बदलने लगा है। गुरुवार को राजधानी में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में गर्मी का असर और तेज होने की संभावना है।

शुक्रवार को साफ रहेगा आसमान, चलेगी तेज हवा

मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए न्यूनतम तापमान 17 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। आसमान साफ रहने की संभावना है, जबकि दिन के समय तेज सतही हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।

तापमान में तेजी से हो रही बढ़ोतरी

गुरुवार को अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.3 डिग्री कम रहा, लेकिन बुधवार के 28.2 डिग्री के मुकाबले इसमें करीब 2.5 डिग्री की वृद्धि हुई। वहीं न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री कम है। हवा में नमी का स्तर 94 से 32 प्रतिशत के बीच रहा।

आने वाले दिनों में लगातार बढ़ेगा तापमान

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अब तापमान में लगातार बढ़ोतरी का दौर जारी रहेगा। विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी भारत के कई हिस्सों, विशेषकर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 6 से 8 डिग्री तक बढ़ सकता है, जबकि उत्तरी मैदानी इलाकों में यह बढ़ोतरी 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक हो सकती है।

वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में

बारिश के बाद राजधानी की वायु गुणवत्ता फिलहाल ‘मध्यम’ श्रेणी में बनी हुई है। गुरुवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 101 दर्ज किया गया, जो सामान्य स्तर पर माना जाता है।

गर्मी बढ़ने के संकेत, लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण गर्मी का असर महसूस किया जाएगा। ऐसे में लोगों को खासकर दोपहर के समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button