दिल्ली

दिल्ली बनेगी ग्लोबल सिनेमा हब: सीएम रेखा गुप्ता ने पहले इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का कर्टेन रेज़र किया

राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में पहली बार आयोजित होने जा रहे इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली (IFFD) 2026 का बुधवार को औपचारिक कर्टेन रेज़र किया गया। दिल्ली सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे राजधानी को वैश्विक सांस्कृतिक और सिनेमाई केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में ऐतिहासिक अवसर बताया। इस मौके पर दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा भी मौजूद रहे।

राजधानी की रचनात्मक शक्ति का सार्वजनिक उत्सव

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह महोत्सव केवल फिल्मों का आयोजन नहीं, बल्कि दिल्ली की रचनात्मक शक्ति, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक सोच का उत्सव है। उन्होंने बताया कि 25 से 31 मार्च 2026 तक चलने वाला यह सिटी-वाइड फिल्म फेस्टिवल भारत मंडपम सहित नई दिल्ली के विभिन्न प्रतिष्ठित स्थलों पर आयोजित किया जाएगा। यह एक पब्लिक फेस्टिवल होगा, जिसमें हर दिल्लीवासी की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी और विश्व सिनेमा को आम नागरिकों तक पहुंचाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन के जरिए स्थानीय फिल्मकारों और तकनीशियनों को अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा और उन्हें राष्ट्रीय व वैश्विक प्रतिभाओं के साथ संवाद का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार की फिल्म नीति के अनुरूप सिंगल-विंडो सुविधा, प्रोडक्शन सपोर्ट और उद्योग सहयोग के माध्यम से राजधानी को शूटिंग के लिए आकर्षक डेस्टिनेशन बनाया जा रहा है। IFFD 2026 के जरिए दिल्ली को भारत की संभावित सिनेमाई राजधानी के रूप में स्थापित करने की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है।

125 से अधिक फिल्मों का होगा प्रदर्शन

यह फिल्म महोत्सव दिल्ली सरकार द्वारा संचालित शहरव्यापी आयोजन है, जिसका उद्देश्य भारतीय और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा को प्रदर्शित करना और फिल्म संस्कृति को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देना है। इस फेस्टिवल का आयोजन दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (DTTDC) द्वारा किया जा रहा है।

IFFD को दीर्घकालिक सांस्कृतिक परियोजना के रूप में विकसित किया जा रहा है, जो फिल्म पर्यटन, प्रतिभा विकास, उद्योग सहयोग और ऑरेंज इकॉनमी को गति देगा। इस महोत्सव में 125 से अधिक भारतीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही गाला प्रीमियर, मास्टरक्लास, इंडस्ट्री संवाद, कार्यशालाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

युवा प्रतिभाओं को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय मंच

पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली क्रिएटिव कैपिटल के रूप में उभर रही है। उन्होंने कहा कि राजधानी का पहला अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव देश-विदेश के प्रतिष्ठित फिल्मकारों, कलाकारों, निर्देशकों और तकनीकी विशेषज्ञों को एक मंच पर लाएगा।

मिश्रा ने कहा कि यह आयोजन न केवल भारतीय सिनेमा की विविधता को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेगा, बल्कि युवा प्रतिभाओं को नई तकनीक, नवाचार और सिनेमा के बदलते स्वरूप पर संवाद का अवसर देगा। इससे पर्यटन, रोजगार और रचनात्मक उद्योगों को नई ऊर्जा मिलेगी।

ये होंगे मुख्य आकर्षण

फेस्टिवल में भव्य गाला प्रीमियर और सितारों से सजी विशेष स्क्रीनिंग प्रमुख आकर्षण होंगी। डिजिटल और उभरते सिनेमा को समर्पित विशेष प्रस्तुतियां नई तकनीक और नवाचार को मंच देंगी। CineXchange फिल्म मार्केट और Cineverse एक्सपो के माध्यम से फिल्म उद्योग से जुड़े पेशेवरों को नेटवर्किंग, वितरण और निवेश के अवसर मिलेंगे।

इसके अलावा प्रतिष्ठित फिल्मकारों और विशेषज्ञों की मास्टरक्लास, इंडस्ट्री पैनल चर्चाएं, सांस्कृतिक संध्याएं और लाइव परफॉर्मेंस इस आयोजन को बहुआयामी उत्सव का स्वरूप देंगी, जहां कला और मनोरंजन का संगम दिखाई देगा।

फेस्टिवल की प्रमुख विशेषताएं

फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और रचनात्मक उद्योगों को प्रोत्साहन देने पर विशेष जोर रहेगा। सिंगल-विंडो सुविधा के जरिए फिल्म निर्माताओं के लिए प्रक्रियाएं सरल और पारदर्शी बनाई जाएंगी। सार्वजनिक स्थलों पर वर्ल्ड सिनेमा की स्क्रीनिंग से व्यापक दर्शक वर्ग को अंतरराष्ट्रीय फिल्मों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

इस तरह IFFD 2026 राजधानी के सांस्कृतिक परिदृश्य को नई दिशा देने के साथ दिल्ली को वैश्विक सांस्कृतिक मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button