
हिसार। हरियाणा में घने कोहरे ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई स्थानों पर विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई है, जिससे सड़क और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज प्रदेश के 16 जिलों में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में पंचकूला, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर, कैथल, जींद, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह शामिल हैं।
वहीं, हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, महेंद्रगढ़ और चरखीदादरी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। घने कोहरे के कारण सड़क यातायात के साथ-साथ रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। हिसार से गुजरने वाली 14732 किसान एक्सप्रेस करीब 50 मिनट देरी से चल रही है। इसके अलावा रेवाड़ी-फाजिल्का एक्सप्रेस 44 मिनट, श्रीगंगानगर-दिल्ली एक्सप्रेस 52 मिनट और गोरखधाम एक्सप्रेस करीब ढाई घंटे की देरी से संचालित हो रही है।
मौसम विभाग ने घने कोहरे को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है और लोगों को बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद हरियाणा और चंडीगढ़ में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे सुबह और शाम की ठंड और बढ़ने की संभावना है।



