पंजाब में घना कोहरा बना चुनौती, विजिबिलिटी सिर्फ 30 मीटर; जानें आज का मौसम

जालंधर। पंजाब के कई इलाकों में सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी महज 30 मीटर तक रह गई। इस वजह से विशेषकर स्कूल जाने वाले छात्रों और उनके बस चालकों के लिए सड़कों पर यात्रा करना बेहद कठिन हो गया। वाहन चालक लाइट ऑन करके और एक-दूसरे के पीछे बेहद सावधानी से चल रहे थे।
दिन और रात में ठंड का असर बना रहा, जबकि दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी का अनुभव भी हुआ। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा, जबकि न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने वीरवार को भी इसी तरह के मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है, जिसमें सुबह हल्की धुंध और दिन में तेज धूप की संभावना जताई गई है। दूसरी ओर, एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) की बात करें तो मंगलवार रात 10 बजे के बाद से यह 100 से बढ़कर बुधवार सुबह एक बजे तक 219 तक पहुंच गया। शाम के समय एक्यूआई में थोड़ी गिरावट देखी गई।



