पंजाब

लाइनमैन की हत्या मामले में ड्राइवर-क्लीनर गिरफ्तार, भेजा रिमांड पर

लुधियाना: फोकल प्वाइंट इलाके में बिजली विभाग के लाइनमैन गौरव सोनी की ट्रक से कुचल कर हत्या के मामले में पुलिस कार्रवाई सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज करने के बाद ट्रक ड्राइवर महेश कुमार और क्लीनर अश्वनी कुमार को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया जहां से अदालत ने आरोपियों को ज्यूडीश्यिल रिमांड पर भेज दिया है।

एस.एच.ओ. अमनदीप सिंह बराड़ ने बताया कि फोकल प्वाइंट फेस-2 स्थित बिजली ऑफिस में गौरव सोनी बतौर लाइनमैन काम करता था। बीते रविवार रात करीब साढ़े 10 बजे वह जे.ई. के साथ इलाके में बिजली ठीक करने के बाद वापस ऑफिस जा रहा था। रास्ते में उक्त आरोपी ट्रक चालक और क्लीनर नशे में हुल्लड़बाजी कर रहे थे। उन्होंने ऐसा करने से मना किया था। जिसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौच करना शुरू कर दिया था। गौरव ने पी.सी.आर. को फोन किया। इस दौरान वहां लोग एकत्रित हो गए और उन्होंने उनका समझौता करवा दिया। जिसके बाद वह दोनों जाने लगे, जब गौरव बाइक स्टार्ट करने लगा था तो महेश और अश्विनी ट्रक चला कर लाए और गौरव पर चढ़ा दिया था।

वह बुरी तरह घायल हो गया था। जिसके बाद गौरव को नजदीक अस्पताल पहुंचाया गया था। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी महेश और अश्वनी पर हत्या का केस दर्ज कर लिया था और आरोपियों को काबू कर लिया था। आरोपियों का रिमांड चल रहा था। आज दोबारा उन्हें पेश किया गया। जिसके बाद आरोपियों को अदालत ने जेल भेज दिया है।

Related Articles

Back to top button