उत्तर प्रदेशराज्य

ईरान-अमेरिका जंग की अफवाह से रामपुर में पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़, टैंक फुल कराने के लिए लगी लंबी कतारें

रामपुर। अमेरिका और ईरान के बीच संभावित युद्ध और पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति प्रभावित होने की अफवाह फैलते ही जिले के स्वार और नरपतनगर क्षेत्र में गुरुवार को पेट्रोल पंपों पर अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ईंधन खत्म होने की आशंका के चलते वाहन चालक बड़ी संख्या में पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए और अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने के लिए लंबी कतारों में लग गए।

दिनभर पेट्रोल पंपों पर बाइक और कार सवारों की लंबी लाइनें दिखाई देती रहीं। कई लोग अतिरिक्त पेट्रोल-डीजल जमा करने के लिए बोतलों और केनों में भी ईंधन भरवाते नजर आए। अचानक बढ़ी भीड़ के कारण कुछ समय के लिए पंपों पर अव्यवस्था जैसी स्थिति भी बन गई।

टांडा में भी अफवाह के बाद बढ़ी भीड़

इसी तरह टांडा नगर में भी क्रूड ऑयल सप्लाई प्रभावित होने और पेट्रोल महंगा होने की चर्चा तेजी से फैल गई। गुरुवार शाम को अचानक अफवाह फैलने के बाद नगर के कई पेट्रोल पंपों पर भी भीड़ बढ़ गई।

लोग जल्दबाजी में अपने वाहनों में पेट्रोल भरवाने के लिए पहुंचने लगे और कई वाहन चालक एहतियात के तौर पर टैंक फुल कराने लगे। इससे पेट्रोल पंपों पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पेट्रोल-डीजल की सप्लाई सामान्य: पंप संचालक

पेट्रोल पंप कर्मचारियों का कहना है कि अचानक बढ़ी भीड़ के कारण लोगों में आपूर्ति को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है। हालांकि पेट्रोल और डीजल की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और किसी तरह की कमी नहीं है।

स्थानीय पेट्रोल पंप संचालकों जफरुल इस्लाम और हाजी रईस ने भी स्पष्ट किया कि ईंधन की आपूर्ति नियमित रूप से हो रही है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

प्रशासन और पंप संचालकों ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल-डीजल का भंडारण न करें।

Related Articles

Back to top button