‘हर महीने 30 किलो गेहूं, 20 रुपये किलो दाल’: शिरोमणि अकाली दल ने सत्ता में आने पर जनता से किया बड़ा वादा

गुरदासपुर। पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने शुक्रवार को फतेहगढ़ चूड़ियां स्थित गांव लोधीनंगल के खेल स्टेडियम में एक विशाल रैली को संबोधित किया। रैली में उनके साथ वरिष्ठ नेता बिक्रम मजीठिया, डा. दलजीत सिंह चीमा और सुच्चा सिंह लंगाह भी मौजूद रहे।
सुखबीर बादल ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल कोई राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि पंजाबियों के दिल की धड़कन है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पंजाब में सबसे अधिक विकास बादल सरकार के समय हुआ और यहां उन्नति तभी संभव है जब भाईचारा बना रहेगा। उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया।
अकाली दल की प्रमुख घोषणाएं
सुखबीर बादल ने कहा कि पंजाब में अकाली दल की सरकार बनने पर एक महीने के भीतर ट्यूबवेल कनेक्शन दिए जाएंगे। इसके अलावा, हर महीने 30 किलो गेहूं और 20 रुपये प्रति किलो की दर से दाल प्रदान की जाएगी। उन्होंने गांवों में कंक्रीट की गलियों और नालियों के निर्माण, हर जिले में एक मेडिकल और एक वेटरनरी कॉलेज खोलने तथा स्किल कॉलेज के माध्यम से लोगों को प्रशिक्षण देने की भी योजना बताई।
मजीठिया ने सरकार पर साधा निशाना
सीनियर नेता बिक्रम मजीठिया ने कहा कि उन्हें जेल भेजने के बाद भी मुख्यमंत्री को उनकी चिंता थी कि जेल में उन्हें क्या मिलता है। मजीठिया ने पंजाब सरकार पर डीजीपी और चीफ सेक्रेटरी की नियुक्तियों में ढील और कर्मचारियों को भत्तों के अभाव का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि पिछली अकाली दल की आटा-दाल योजना पर विपक्ष ने आलोचना की थी, जबकि अब चुनाव के नजदीक आने पर विपक्ष गेहूं, दाल और तेल जैसी योजनाओं की घोषणा कर रहा है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद पंजाब में स्थायी डीजीपी नियुक्त न होने पर भी चिंता जताई।



