धान खरीद में देरी से भड़के किसान, आज विरोध में पंजाब की सड़कें होंगी जाम, SKM का ऐलान
![](https://dastaktimes.org/wp-content/uploads/2024/10/farmers-agitation_V_jpg-1280x720-4g.webp)
लुधियाना: पंजाब में संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने धान खरीद में कथित देरी के विरोध में आज यानी 25 अक्टूबर को पंजाब में भर में सड़कें अवरूद्ध करने की घोषणा की है। इस बाबत किसान संगठन ने कहा कि यह सर्वसम्मत राय है कि, धान खरीद कार्य में अब तक कोई भी सुधार नहीं हुआ है। किसान संगठन ने धान खरीद में देरी के लिए केंद्र और राज्य दोनों सरकारों को दोषी ठहराया है। संगठन का कहना है कि, चाहे केंद्र हो या पंजाब सरकार, दोनों ही समान रुप से दोषी हैं।।।वे इस मुद्दे को सुलझाने के लिए तैयार नहीं हैं।
जानकारी दें कि इसके पहले केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ अपने आंदोलन से सुर्खियों में आए SKM ने बीते 19 अक्टूबर को कहा था कि अगर राज्य सरकार चार दिनों में धान की सुचारू खरीद सुनिश्चित करने में विफल रही तो वो “बड़ा फैसला” लेगा। इस बाबत SKM नेता रमिंदर सिंह पटियाला ने कहा था कि यह निर्णय लिया गया है कि आज शुक्रवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक राज्य भर में मंडियों के पास की सड़कों को अवरुद्ध किया जाएगा। पटियाला ने कहा था कि, “अगर समस्या का समाधान तब भी नहीं हुआ तो आगामी 29 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे बजे तक राज्य के सभी उपायुक्त कार्यालयों का घेराव होगा।”
SKM ने यह भी निर्णय लिया कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों को अनाज मंडियों में जाने पर काले झंडे भी दिखाए जाएंगे। SKM ने किसानों की दुर्दशा के लिए पंजाब सरकार के साथ-साथ भाजपा नीत केंद्र सरकार को भी जिम्मेदार ठहराया था। वहीं इस बाबत बीते 23 अक्टूबर को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने कहा था कि एक बार फिर BJP सरकार किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) और खाद देने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।
वहीं मंडियों में धान की खरीद नहीं होने के चलते किसान MSP से कम कीमत पर अपनी फसल बेचने को अब मजबूर हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि प्रदेश की मंडियों में आज धान के ढेर लगे हुए हैं, जिसके चलते किसानों को मजबूरन अपनी फसल सड़क पर डालनी पड़ रही है। खरीद के बाद सरकार जानबूझकर इसके उठान में देरी कर रही है।