अपराधउत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़फीचर्डब्रेकिंगराजनीतिराज्यलखनऊ

सीएम के पोस्टर लगाने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में उपद्रव के आरोपितों का बैनर बनाम बैनर का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। सपा नेता आइपी सिंह की ओर से बैनर लगाए जाने के बाद अब कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या का बैनर लगा दिया। बैनर पर दोनों के खिलाफ पूर्व में दर्ज मुकदमों का जिक्र किया गया है।

खास बात यह है कि सार्वजनिक स्थानों पर विवादित बैनर लगा दिया गया और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। दरअसल नागरिकता संशोधन कानून के दौरान हिंसा के आरोपियों से वसूली को लेकर राजधानी लखनऊ में जगह-जगह होर्डिंग लगे थे। वसूली के होर्डिंग लगाने के जवाब में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भी पोस्टर लगाए थे। अब ये पोस्ट वॉर का मामला पुलिस तक पहुंच गई है। पोस्टर लगाने वाले दो कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ है।

बता दें कि भारतीय जनता पार्टी कार्यालय के गेट समेत कई जगहों पर सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या समेत आधा दर्जन बीजेपी नेताओं और मंत्रियों के नाम के पोस्टर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने लगवा दिए थे। हालांकि इन पोस्टरों को लगाने के कुछ देर बाद ही जिला प्रशासन ने हटा दिया था। इन स्थानों पर 24 घंटे पुलिस तैनात रहती है। बावजूद इसके पुलिसकर्मियों को भनक नहीं लगी।

पुलिस आयुक्त ने पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस यह पता लगा रही है कि किस प्रिंटिंग प्रेस से ये बैनर छपवाए गए हैं। चौकी इंचार्ज सचिवालय की ओर से इस मामले में सुधांशु बाजपेई व लालू कन्नौजिया समेत अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआइआर दर्ज की गई है। पुलिस बैनर छापने वाले और इसे लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है। सीसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने कुछ लोगों की पहचान की है, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

वहीं महानगर कांग्रेस कमेटी केे अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान ने कहा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य दोनों ही दंगों में आरोपित रहे हैं। उपद्रव के आरोपितों का बैनर लगाने में न्यायिक प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया था, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ता नाराज हैं और उन्होंने अपना विरोध इस तरह से प्रदर्शित किया।

Related Articles

Back to top button