उत्तर प्रदेशराज्य

लखनऊ में कोहरे का कहर, तेजस एक्सप्रेस सुबह की जगह दोपहर को रवाना

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शनिवार को एक बार फिर घने कोहरे ने यातायात व्यवस्था को पटरी से उतार दिया। बीते कुछ दिनों से सामान्य चल रहा ट्रेनों और हवाई उड़ानों का संचालन अचानक लड़खड़ा गया। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कोहरे के चलते दो दर्जन से अधिक उड़ानें प्रभावित हुईं, जिससे सुबह के समय यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

एयरपोर्ट पर लेटलतीफी से अफरातफरी, CISF ने संभाली स्थिति
सुबह एयरपोर्ट पर उड़ानों में देरी के कारण यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ गई, जिससे कुछ समय के लिए अफरातफरी जैसी स्थिति बन गई। हालात को काबू में रखने के लिए सीआईएसएफ के जवानों को मोर्चा संभालना पड़ा। लगातार उड़ानों के लेट होने से यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा।

तेजस एक्सप्रेस सुबह नहीं, दोपहर में हो सकी रवाना
कोहरे का असर रेल संचालन पर भी साफ नजर आया। नई दिल्ली के लिए सुबह रवाना होने वाली वीआईपी ट्रेन तेजस एक्सप्रेस दोपहर में प्रस्थान कर सकी। लखनऊ मेल सहित दो दर्जन से अधिक ट्रेनें कोहरे की चपेट में रहीं। खास बात यह रही कि कारपोरेट सेक्टर की ट्रेन तेजस एक्सप्रेस पिछले कई दिनों से कोहरा न होने के बावजूद भी देरी से चल रही है।

दिल्ली से लेट आई तेजस, लखनऊ जंक्शन से घंटों बाद निकली
शुक्रवार को नई दिल्ली से तेजस एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय दोपहर 3:30 बजे की जगह रात 9:01 बजे रवाना हुई। इसके चलते यह ट्रेन शनिवार सुबह 7:44 बजे लखनऊ पहुंच सकी। वहीं लखनऊ जंक्शन से शनिवार को तेजस एक्सप्रेस सुबह 6:10 बजे की जगह दोपहर 2:46 बजे रवाना हो पाई।

शताब्दी एक्सप्रेस भी कोहरे की चपेट में, यात्री ठिठुरते रहे
शनिवार सुबह पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घना कोहरा पड़ने के कारण नई दिल्ली से समय पर चली शताब्दी एक्सप्रेस लखनऊ पहुंचते-पहुंचते 3 घंटे 31 मिनट लेट हो गई। लखनऊ जंक्शन पर यात्री सर्द हवाओं के बीच ट्रेन का इंतजार करने को मजबूर रहे। इसके चलते शताब्दी एक्सप्रेस लखनऊ जंक्शन से दोपहर 3:30 बजे की जगह शाम 5:40 बजे रवाना हो सकी।


Related Articles

Back to top button