
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा में शनिवार को अहम विधायी गतिविधियां देखने को मिलेंगी। बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक के बाद विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने स्पष्ट किया है कि सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे से शुरू होगी और इस दौरान चार महत्वपूर्ण संशोधन और विनियोग विधेयक सदन के पटल पर रखे जाएंगे। इसके साथ ही एक अतिरिक्त विधेयक भी पेश किए जाने की संभावना है, जिसे राज्यपाल की स्वीकृति के लिए भेजा गया है।
विनियोग विधेयकों पर एक-एक घंटे की चर्चा
विधानसभा अध्यक्ष के अनुसार शनिवार को ‘द वेस्ट बंगाल एप्रोप्रिएशन (वोट ऑन अकाउंट) बिल, 2026’ और ‘द वेस्ट बंगाल एप्रोप्रिएशन (नंबर-1) बिल, 2026’ सदन में पेश किए जाएंगे। इन दोनों ही वित्तीय विधेयकों को लेकर चर्चा और पारित करने के लिए सदन में प्रत्येक के लिए एक-एक घंटे का समय निर्धारित किया गया है। इन विधेयकों के जरिए बजट आवंटन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों को मंजूरी दी जानी है।
नागरिक सुविधाओं और शिक्षा से जुड़े दो अन्य बिल भी एजेंडे में
इसके अलावा सदन में नागरिक सुविधाओं और उच्च शिक्षा से जुड़े दो अन्य संशोधन विधेयकों पर भी विचार किया जाएगा। इनमें ‘हावड़ा नगर निगम (संशोधन) विधेयक, 2026’ और ‘मुर्शिदाबाद विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक, 2026’ शामिल हैं। इन विधेयकों के पारित होने से संबंधित क्षेत्रों में प्रशासनिक और शैक्षणिक व्यवस्थाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
शनिवार होने के कारण बदली जाएगी सदन की प्रक्रिया
विधानसभा सचिवालय की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि शनिवार को सदन की बैठक होने के चलते सामान्य कार्यवाही में कुछ बदलाव किए गए हैं। विशेष रूप से इस दिन प्रश्नकाल नहीं होगा और मौखिक प्रश्नों को सूचीबद्ध नहीं किया गया है। ऐसे में पूरा फोकस विधेयकों की प्रस्तुति और बजट से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित रहेगा।



