अन्तर्राष्ट्रीय

दक्षिण अफ्रीका की अवैध सोने की खदान में गैस लीक से 17 की मौत, 10 लोग अस्पताल में भर्ती

जोहान्सबर्ग : दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में एक बड़ा हादसा हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक, अवैध सोने की खदान में लगे महिलाओं और बच्चों समेत 17 लोगों की दर्दनाक मौत (Death) हो गई। मृतकों में एक साल का बच्चा भी था। अधिकारियों ने गुरुवार को जानकारी दी कि दस लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दक्षिण अफ्रीकी अधिकारियों ने पुष्टि की कि यह घटना बुधवार शाम को जोहान्सबर्ग के पूर्व में बोक्सबर्ग शहर के पास हुई। रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने पता लगाया है खनिक खदान से निकली मिट्टी से सोना निकालने के लिए अत्यधिक जहरीली नाइट्रेट ऑक्साइड गैस का उपयोग कर रहे थे। जिसके लीक होने के बाद इतना बड़ा हादसा हो गया।

दक्षिण अफ्रीका के गौतेंग प्रांत की सरकार के मुख्यमंत्री पन्याजा लेसुफी ने बताया कि शुरुआत में अस्पताल में भर्ती 11 लोगों में से एक की मौत के बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 17 हो गई। वहीं दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने जांचकर्ताओं से भविष्य में इसी तरह की आपदाओं से बचने के लिए इस दुर्घटना के कारण की तह तक जाने का आग्रह किया।

अधिकारी प्रभावित क्षेत्र की जांच में जुटे हैं। आपातकालीन सेवाओं के प्रवक्ता एनटलैडी ने कहा कि शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि गैस का इस्तेमाल अवैध खनन गतिविधियों के हिस्से के रूप में किया जा रहा था। 32 प्रतिशत से अधिक की बेरोजगारी दर के साथ दक्षिण अफ्रीका हजारों अवैध खनिकों का गढ़ है।

बस्ती का एक निवासी, मंडला मारुंडा उस समय मौत से बच गया जब वह गैस की गंध आने के बाद भाग गया, जिसके बारे में उसने कहा कि इसकी गंध सड़े हुए अंडे जैसी थी। मारुंडा ने कहा कि जब उसने लोगों को एक-एक करके नीचे गिरते देखा तो वह भागने लगा। उन्होंने स्वीकार किया कि वह उस क्षेत्र में लौटने से बहुत डर रहे थे जब तक कि पुलिस ने उन्हें आश्वासन नहीं दिया कि ऐसा करना सुरक्षित है।

Related Articles

Back to top button