
यूपी में सरकारी नौकरी का सुनहरा मौका! UPSSSC ने 2285 पदों पर भर्ती के लिए जारी किया विज्ञापन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (स्नातक स्तरीय) मुख्य परीक्षा के माध्यम से विभिन्न विभागों में कुल 2285 रिक्त पदों पर भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया है। इच्छुक अभ्यर्थी 29 मई से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 18 जून निर्धारित की गई है। आवेदन में संशोधन और शुल्क समायोजन की सुविधा 25 जून तक उपलब्ध रहेगी।
मुख्य परीक्षा के लिए चयन प्रक्रिया
इस भर्ती प्रक्रिया में मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों का चयन प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 2025 के अंक के आधार पर किया जाएगा। आयोग पीईटी-2025 के स्कोर के अनुसार मेरिट सूची तैयार करेगा और उसी के आधार पर मुख्य परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।
कितने पद और विभाग
भर्ती में कोषागार निदेशालय में 548 सहायक कोषागार लेखाकार, सहकारी समितियां व पंचायत लेखा परीक्षा निदेशालय में 419 लेखा परीक्षक, राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद में 323 अमीन/नीलामकर्ता, नगर निकाय निदेशालय में 238 अधिशासी अधिकारी और 229 लिपिक सह टंकण/रोकड़िया के पद शामिल हैं।
इसके अलावा चकबंदी आयुक्त कार्यालय में 168 सहायक चकबंदी अधिकारी, उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय में 134 सहायक प्रबंधक, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम में 92 केंद्र प्रभारी, परिवार कल्याण महानिदेशालय में 85 जिला सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी, मंडी परिषद में 46 मंडी पर्यवेक्षक ग्रेड-2 और कानपुर स्थित उद्योग निदेशालय में तीन सहायक प्रबंधक (विशेष चयन) के पदों पर भी भर्ती की जाएगी।
संशोधित उत्तर कुंजी जारी
UPSSSC ने नक्शानवीस और मानचित्रक मुख्य परीक्षा की संशोधित उत्तर कुंजी भी जारी कर दी है। अभ्यर्थियों की आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद मास्टर सेट की अंतिम उत्तर कुंजी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। उम्मीदवार भर्ती और संशोधित उत्तर कुंजी की पूरी जानकारी वेबसाइट पर जाकर प्राप्त कर सकते हैं।



