उत्तर प्रदेशराज्य

बाबा महाकाल के भक्तों के लिए खुशखबरी! अब बरेली-इंदौर महाकाल एक्सप्रेस में ‘हवाई जहाज’ जैसा आरामदायक सफर

बरेली। बरेली से इंदौर तक यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय रेल ने साप्ताहिक 14320 महाकाल एक्सप्रेस को बुधवार से नई एलएचबी रैक संरचना के साथ चलाने का फैसला किया है। इससे यात्रियों को पहले से ज्यादा सुरक्षित और आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा। जंक्शन से अब तीन ट्रेनों में एलएचबी कोच लग जाएंगे, जिससे यात्रा की गुणवत्ता बेहतर होगी।

पहले भी बदली जा चुकी हैं रैक संरचनाएं
जंक्शन से संचालित 11 ट्रेनों में सबसे पहले आला हजरत एक्सप्रेस को आईसीएफ से एलएचबी कोच में बदला गया था। इसके बाद बरेली-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस भी एलएचबी संरचना से चलने लगी। अब उसी रैक के लौटने के बाद उसे महाकाल एक्सप्रेस में लगाया जाएगा, जिससे यह ट्रेन भी आधुनिक कोच के साथ चलेगी।

बुधवार से नया टाइम और बेहतर सुविधा
14320 महाकाल एक्सप्रेस हर बुधवार सुबह 11:25 बजे बरेली जंक्शन से रवाना होकर आंवला, चंदौसी, बहजोई, बबराला, अलीगढ़, आगरा, ग्वालियर, झांसी, विदिशा और उज्जैन होते हुए अगले दिन सुबह 8:55 बजे इंदौर पहुंचती है। वापसी में 14319 इंदौर से शाम 4:45 बजे चलकर अगले दिन 3:20 बजे बरेली पहुंचती है।

कम कोच, लेकिन ज्यादा क्षमता और सुरक्षा
पहले इस ट्रेन में 23 आईसीएफ कोच लगते थे, जबकि अब 17 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। एलएचबी कोच एंटी-क्लाइंबिंग फीचर से लैस होते हैं, जिससे दुर्घटना की स्थिति में डिब्बे एक-दूसरे पर नहीं चढ़ते और यात्रियों की सुरक्षा बढ़ती है। साथ ही इन कोचों में बैठने की क्षमता भी अधिक होती है।

स्टेशन प्रशासन ने दी जानकारी
बरेली जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक भानु प्रताप सिंह के अनुसार बुधवार से महाकाल एक्सप्रेस नई एलएचबी रैक के साथ संचालित होगी। इससे यात्रियों को ज्यादा आराम, स्थिरता और आधुनिक यात्रा अनुभव मिलेगा।

Related Articles

Back to top button