उत्तराखंड

खटीमा में स्वर्गीय मनीष चंद स्मृति ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने खिलाड़ियों को बांटे पुरस्कार

खटीमा के बिरिया मझोला में आयोजित स्वर्गीय मनीष चंद स्मृति द्वितीय ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का समापन समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए और विजेता व उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया, जिससे पूरे क्षेत्र में खेल उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

फाइनल मुकाबले में उजालिकोट टनकपुर ने मारी बाजी
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला नगला तराई खटीमा और उजालिकोट टनकपुर के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नगला तराई खटीमा की टीम ने 108 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में उजालिकोट टनकपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लक्ष्य को हासिल किया और 3 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया, उन्हें शुभकामनाएं दीं और स्वयं भी क्रिकेट में हाथ आजमाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

स्वर्गीय मनीष चंद को दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय मनीष चंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं रह गया है, बल्कि इसमें करियर की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन और संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

अंडर-19 विश्व कप जीत पर दी बधाई
मुख्यमंत्री ने भारतीय अंडर-19 टीम द्वारा विश्व कप जीतने पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि यह देश के युवाओं की प्रतिभा और मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी अगर स्पष्ट लक्ष्य के साथ आगे बढ़ें तो सफलता निश्चित है।

खेल से मिलता है अनुशासन और टीम भावना का पाठ
सीएम धामी ने कहा कि खेल शरीर और मन-मस्तिष्क को स्वस्थ रखता है, साथ ही अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व के गुण सिखाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों से खेलों का ढांचागत विकास हुआ है, जिसका परिणाम है कि आज हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।

राष्ट्रीय खेलों में 103 पदक, देवभूमि बन रही खेलभूमि
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया है। यह गर्व की बात है कि देवभूमि उत्तराखंड अब खेलभूमि के रूप में भी पहचान बना रहा है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष खटीमा रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, स्वर्गीय मनीष चंद की माता हरिकेश चंद, जिला पंचायत सदस्य रीता काफलटा, भास्कर संभल, क्षेत्र पंचायत सदस्य मंदीप राणा, प्रेम प्रकाश, तेज सिंह महर, प्रधान भागीरथी राणा, दीपक एरी, चन्द्रकला, माया जोशी, गणेश सिंह महर, गीता ज्याला, सांसद प्रतिनिधि रवींद्र राणा, पूर्व मंडी अध्यक्ष नंदन सिंह खड़ायत, अमित पांडे सहित जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, सीओ बीएस धोनी, टूर्नामेंट कमेटी के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय जनता मौजूद रही।

Related Articles

Back to top button