Gurugram Fog Update: घने कोहरे से थमा जनजीवन, दृश्यता 10 मीटर तक सिमटी; सड़कों पर रेंगते रहे वाहन

गुरुग्राम। गुरुग्राम में पिछले चार दिनों से लगातार छाए घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बुधवार सुबह हालात सबसे ज्यादा खराब रहे, जब दृश्यता घटकर महज 10 मीटर के आसपास पहुंच गई। कोहरे के कारण शहर की प्रमुख सड़कों पर यातायात की रफ्तार थम सी गई और वाहन रेंगते नजर आए।
एक्सप्रेसवे से लेकर आंतरिक सड़कों तक असर
द्वारका एक्सप्रेसवे, सोहना रोड, दिल्ली–जयपुर हाईवे समेत शहर की अधिकांश आंतरिक सड़कों पर कोहरे का जबरदस्त असर देखने को मिला। दृश्यता बेहद कम होने के चलते वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा। कई इलाकों में ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति बनी रही, जिससे कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों और स्कूली बच्चों को खासा विलंब झेलना पड़ा।
धूप निकलते ही मिली राहत
सुबह करीब 11 बजे के बाद धूप निकलने से कोहरे का असर धीरे-धीरे कम हुआ। इसके साथ ही सड़कों पर यातायात सामान्य होने लगा और लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम विभाग के अनुसार, दिन का अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि ठंडी हवाओं के कारण दिनभर ठंड का अहसास बना रहा।
10 फरवरी तक बदला-बदला रहेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में 10 फरवरी तक मौसम परिवर्तनशील बना रह सकता है। लगातार दो पश्चिमी विक्षोभों के आंशिक प्रभाव के चलते मौसम का मिजाज बदला रहेगा। पहले पश्चिमी विक्षोभ के असर से 6 और 7 फरवरी को आंशिक बादल छाए रहने और मध्यम से तेज गति की हवाएं चलने की संभावना है।
9 और 10 फरवरी को बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 9 फरवरी की रात और 10 फरवरी को एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद मौसम साफ होने पर उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलने से रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। इस दौरान अलसुबह और देर रात धुंध छाए रहने की भी आशंका जताई गई है।
रबी फसलों के लिए अनुकूल मौसम
मौजूदा मौसम को रबी फसलों, विशेषकर गेहूं के लिए लाभकारी माना जा रहा है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, ठंड, नमी और आंशिक बादल गेहूं की बढ़वार के लिए अनुकूल परिस्थितियां पैदा कर रहे हैं। अनुमान है कि बीच के दिनों में मौसम साफ रहेगा, जबकि 9 और 10 फरवरी को फिर से आंशिक बादल छा सकते हैं।



