पंजाब

नशा करने से रोकना पड़ा महंगा, तेजधार हथियार से हमला कर काटा कान

लुधियाना: नशा करने वाले युवकों को रोकना एक युवक को महंगा पड़ गया। उसकी बात मानने की बजाय आरोपी युवकों ने साथियों के साथ उलटा उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया और उसका कान काट डाला। घायल सतविंदर सिंह को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

इस मामले में थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस ने आरोपी जग्गी कटारिया उर्फ चाबी, गग्गी और 3 अज्ञात पर केस दर्ज किया है। ताजपुर रोड के रहने वाले सतविंदर सिंह ने बताया कि जग्गी कटारिया, गग्गी अपने साथियों के साथ लूटपाट की वारदातें करते हैं जोकि नशा करने के आदी है, इसलिए उसने उन्हें नशा करने से रोका था जिस कारण आरोपी उससे रंजिश रखने लग गए थे। कुछ दिनों पहले वह अपने दोस्तों के साथ विश्वकर्मा नगर में खड़ा हुआ था।

इस दौरान आर्टिगा कार पर आरोपी जग्गी अपने साथियों के साथ आया था। उसे देखकर आरोपी रुक गए जिनके पास तेजधार हथियार थे। आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और सबक सिखाने की बात कहकर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। आरोपियों ने उसका एक कान काट डाला और लोगों के इकट्ठा होने पर धमकाते हुए फरार हो गए। इसके बाद उसे घायल अवस्था में सिविल अस्पताल पहुंचाया गया जहां से सी.एम.सी. अस्पताल रैफर कर दिया गया। उधर, पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द उन्हें पकड़ लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button