राज्य

Haryana Protest Update: गिरफ्तार किसानों की रिहाई के बाद किसानों ने खत्म किया चक्का जाम

नई दिल्ली: हरियाणा के करनाल में किसानों पर लाठी-चार्ज और कईयों की गिरफ्तारी के बाद हरियाणा के कई इलाकों में किसानों ने रोड जाम कर दिया था। ताजा जानकारी के मुताबिक करनाल पुलिस ने सभी गिरफ्तार किसानों को रिहा कर दिया है। इसके बाद भारतीय किसान यूनियन (चादुनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह ने चक्का जाम हटाने का फैसला किया। आपको बता दें कि किसानों पर लाठी चार्ज और उनकी गिरफ्तारी के बाद संयुक्त किसान मोर्चा के नेता दर्शनपाल ने शाम को फेसबुक पोस्ट में किसानों से सड़क जाम करने और गिरफ्तार लोगों की तत्काल रिहाई की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन का आग्रह किया था। उसके बाद पूरे प्रदेश में तमाम हाईवे और सड़कों पर किसानों ने यातायात बाधित कर दिया था।

करनाल में किसानों पर लाठीचार्ज के खिलाफ तमाम इलाकों में लोग सड़कों पर उतर आये और जगह-जगह जाम कर दिया। किसानों के विरोध-प्रदर्शन की वजह से दिल्ली-अमृतसर राजमार्ग, कुरुक्षेत्र, करनाल और अंबाला की ओर जाने वाले शंभू टोल प्लाजा पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। इसकी वजह से तमाम हाइवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। पुलिस रूट डायवर्ट कर ट्रैफिक मैनेज करने की कोशिश कर रही थी। लेकिन आने-जाने वाले लोगों को अभी भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उधर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पुलिस कार्रवाई को उचित ठहराते हुए कहा है कि सरकारी काम में बाधा डालना लोकतंत्र के खिलाफ है। अगर भीड़ पुलिस पर पत्थर फेंके और हाईवे जाम करे, तो पुलिस को व्यवस्था बनाये रखने के लिए कदम उठाने ही होंगे।

क्या था मामला?
हरियाणा के करनाल और पानीपत के बीच पड़ने वाले बसताड़ा टोल प्लाजा के पास किसानों ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ को काले झंडे दिखाए और काफिले को रोकने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि किसानों ने बीजेपी की कार्यकारिणी की बैठक तक पहुंचने की भी कोशिश की। जिसके बाद पुलिस ने किसानों को खदेड़ा और उन पर लाठीचार्ज किया। किसान आंदोलन की अगुवाई कर रहे किसान संगठनों के एक शीर्ष समूह ‘संयुक्त किसान मोर्चा’ ने किसानों पर पुलिस की कार्रवाई को “बर्बर” करार दिया है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी हरियाणा में किसानों पर हुई “बर्बरता” को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा है, ‘फिर ख़ून बहाया है किसान का, शर्म से सर झुकाया हिंदुस्तान का!’ इसके साथ ही राहुल गांधी ने एक जख्मी किसान की तस्वीर भी शेयर की है।

Related Articles

Back to top button