टॉप न्यूज़राष्ट्रीय

कोलकाता केस पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, 10वें दिन पहुंची डॉक्टरों की भूख हड़ताल

कोलकाता: बंगाल राजधानी कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर से दुष्कर्म-मर्डर के विरोध में डॉक्टरों का प्रदर्शन फिलहाल चरम पर है। बीते 5 अक्टूबर से जारी आमरण अनशन का 10वां दिन है। इसी बीच आज यानी 15 अक्टूबर, मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट भी इस मामले पर सुनवाई करेगा। इस बाबत बीते 30 सितंबर की सुनवाई में CJI की बेंच ने नेशनल टास्क फोर्स से इस केस की स्टेटस रिपोर्ट भी मांगी थी।

गौरतलब है कि बीते 14 अक्टूबर को एक और डॉक्टर की हालत बिगड़ने के बाद उसे CCU में भर्ती करवाया गया। अब तक 4 डॉक्टरों की भूख हड़ताल के कारण तबीयत बिगड़ी है। इस बीच TMC सांसद कल्याण बनर्जी ने भूख हड़ताल को लेकर विवादित बयान दिया, जिससे विवाद और घमासान हो गया है। दरअसल कल्याण ने इसे अस्पताल में भर्ती होने का अनशन बताया था।

वहीं बीते सोमवार को स्वास्थ्य भवन में 12 चिकित्सा संघों के प्रतिनिधियों और मुख्य सचिव मनोज पंत के बीच महत्वपूर्ण बैठक बिना किसी समाधान के समाप्त हो गई थी। डॉक्टरों को उम्मीद थी कि राज्य सरकार उनकी मांगों को पूरा करने के लिए स्पष्ट समयसीमा तय करेगी, लेकिन सूत्रों के मुताबिक प्रशासन किसी भी समयसीमा पर प्रतिबद्ध होने को लेकर अनिच्छुक था। इससे पहले बीते 9 अगस्त को राज्य सरकार द्वारा संचालित आर.जी. कर चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में एक स्नातकोत्तर प्रशिक्षु चिकित्सक के साथ दुष्कर्म और हत्या के बाद कनिष्ठ चिकित्सकों ने दो चरणों में लगभग 50 दिनों तक ‘काम बंद’ रखा था। बीते सोमवार तक 7 कनिष्ठ चिकित्सक अनशन पर हैं, जिनमें से कुछ को तत्काल इलाज की भी जरूरत है।

जानकारी दें कि डॉक्टर, आरजी कर अस्पताल में बलात्कार एवं हत्या मामले में मृतक चिकित्सक के लिए न्याय, स्वास्थ्य सचिव निगम को तत्काल हटाने, कार्यस्थल पर सुरक्षा और अन्य उपायों की मांग कर रहे हैं। उनकी अन्य मांगों में राज्य के सभी अस्पतालों एवं चिकित्सा महाविद्यालयों के लिए केंद्रीकृत रेफरल प्रणाली की स्थापना करने, बिस्तर रिक्ति निगरानी प्रणाली का कार्यान्वयन और कार्यस्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, ‘ऑन-कॉल रूम’ आदि के लिए आवश्यक प्रावधान सुनिश्चित करने के वास्ते कार्यबल के गठन जैसी जरुरी मांग शामिल है।

Related Articles

Back to top button