
उन्नाव में दिल दहला देने वाला हादसा: कानपुर-लखनऊ हाईवे पर ट्रक ने बाइक सवार दंपती और दो बच्चों को रौंदा, चार की मौत
उन्नाव। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक के प्रयास में पहले एक ट्रेलर को टक्कर मारी और फिर बाइक सवार दंपती व उनके दो बच्चों को रौंद दिया। इस घटना में 35 वर्षीय वीरेंद्र, उनकी पत्नी 32 वर्षीय रीतू, 9 वर्षीय बेटी अनुराधा और 6 वर्षीय बेटा रुद्र की मौके पर ही मौत हो गई। परिवार में केवल 12 वर्षीय बेटी नैंसी ही जिंदा बची।
हादसे का पूरा घटनाक्रम
अजगैन कस्बा निवासी वीरेंद्र अपनी पत्नी, दो छोटे बच्चों और बड़ी बेटी नैंसी के साथ लखनऊ के बंथरा क्षेत्र के दयालखेड़ा गांव में शादी समारोह में शामिल हुए थे। खाना खाने और जयमाल पड़ने के बाद रात करीब 11 बजे वीरेंद्र अपनी पत्नी रीतू, बेटी अनुराधा और बेटे रुद्र के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। दूसरी बाइक पर उनके साढू रंजीत अपनी बेटी नैंसी के साथ पीछे चल रहे थे।
कानपुर-लखनऊ हाईवे पर भल्लाफार्म के पास वीरेंद्र ट्रेलर के पास खड़े होकर रंजीत का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान लखनऊ से कानपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रेलर को ओवरटेक करने की कोशिश की और जोरदार टक्कर से बाइक सवार परिवार को चपेट में ले लिया।
ट्रेलर पलटा, हाईवे पर जाम
ट्रक की टक्कर से ट्रेलर पलट गया और लगभग एक घंटे तक हाईवे पर जाम लग गया। 20 मिनट बाद मौके पर पहुंची सोहरामऊ थाना पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। क्रेन की मदद से पलटे ट्रेलर को सीधा किया गया और आवागमन सामान्य कराया गया।
पुलिस की कार्रवाई
एसओ सोहरामऊ अरविंद पांडेय ने बताया कि हादसे में शामिल ट्रक कानपुर रजिस्ट्रेशन नंबर का है और उसे कब्जे में ले लिया गया है। वहीं चालक की तलाश जारी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।



