दिल्ली-NCR में बढ़ेगा गर्मी का कहर, चार दिन में पारा 40 डिग्री के पार पहुंचने के आसार

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली और एनसीआर में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। अब ठंडक का असर खत्म होता नजर आ रहा है और गर्मी ने अपनी पकड़ मजबूत करनी शुरू कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
दिन के साथ रातें भी होंगी गर्म
तापमान में बढ़ोतरी का असर सिर्फ दिन में ही नहीं, बल्कि रात में भी महसूस होगा। न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जिससे रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।
रविवार को साफ रहा आसमान, तेज धूप ने बढ़ाई गर्मी
रविवार को दिनभर आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली रही। अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम दर्ज हुआ। हवा में नमी का स्तर 76 से 20 प्रतिशत के बीच रहा। 36.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ रिज क्षेत्र सबसे अधिक गर्म रहा।
सोमवार को भी साफ रहेगा मौसम, तेज हवाएं चलने के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को भी आसमान साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी। 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
फिलहाल ‘मध्यम’ श्रेणी में बनी रहेगी हवा की गुणवत्ता
राजधानी में वायु गुणवत्ता फिलहाल ‘मध्यम’ श्रेणी में बनी हुई है। रविवार को एक्यूआई 163 दर्ज किया गया। अनुमान है कि आने वाले दिनों में भी हवा की गुणवत्ता इसी श्रेणी में रह सकती है।



