जालंधर में तेज रफ्तार बस पेड़ से टकराई, 9 यात्री घायल; दो की हालत गंभीर

पंजाब के जालंधर जिले में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने हड़कंप मचा दिया। गोराया क्षेत्र में मुकंदपुर-फगवाड़ा रोड पर तेज रफ्तार प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
दोपहर 3:15 बजे हुआ हादसा, अचानक बिगड़ा नियंत्रण
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चौहान कंपनी की यह बस दोपहर करीब 3:15 बजे मुकंदपुर से फगवाड़ा की ओर जा रही थी। गांव दोसांझ कलां और विरकां के बीच पहुंचते ही चालक का बस पर से नियंत्रण अचानक बिगड़ गया। देखते ही देखते बस कंडक्टर साइड से सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी।
9 यात्री घायल, दो को जालंधर रेफर
हादसा इतना जोरदार था कि बस में सवार कई यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी दोसांझ कलां की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल फगवाड़ा ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार कुल 9 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए जालंधर रेफर किया गया है।
अनुभवहीन ड्राइवरों पर उठे सवाल
हादसे के बाद घायल यात्रियों और स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने आरोप लगाया कि इस रूट पर चलने वाली कई मिनी बसों को अनुभवहीन युवक चला रहे हैं। अक्सर कंडक्टर के रूप में काम करने वाले युवकों को जल्द ही ड्राइविंग सौंप दी जाती है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है।
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बस चालकों की योग्यता और अनुभव की सख्ती से जांच की जाए। साथ ही वाहनों की नियमित जांच और निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि इस तरह के हादसों पर रोक लगाई जा सके।



