हिमाचल प्रदेश

Himachal Weather Alert: तापमान बढ़ा लेकिन कोहरे का येलो अलर्ट जारी, 16 फरवरी से बर्फबारी के आसार

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में धूप खिली रही, लेकिन बिलासपुर और मंडी में सुबह घना कोहरा छाया रहा। बिलासपुर में दृश्यता घटकर करीब 50 मीटर रह गई, जिससे वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

इन जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 12 फरवरी के लिए मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर, ऊना और कांगड़ा के निचले इलाकों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम साफ रहने के बावजूद तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

सामान्य से ज्यादा दर्ज हुआ तापमान
प्रदेश में न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग 4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जबकि अधिकतम तापमान में 3 डिग्री से ज्यादा की वृद्धि दर्ज की गई। सबसे कम तापमान लाहुल-स्पीति के कुकुमसेरी में माइनस 6.3 डिग्री सेल्सियस और सबसे अधिक तापमान ऊना में 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

15 फरवरी तक साफ मौसम, फिर बदलेगा मिजाज
पूर्वानुमान के मुताबिक 15 फरवरी तक प्रदेश में मौसम साफ बना रहेगा। इसके बाद 16 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके असर से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हो सकता है।

इन शहरों में तापमान में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी
अधिकतम तापमान में सबसे अधिक वृद्धि धर्मशाला में 3.9 डिग्री, कसौली में 3.5 डिग्री और कांगड़ा में 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। वर्तमान में कांगड़ा, मंडी और धर्मशाला जैसे क्षेत्रों में तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस से अधिक चल रहा है, जबकि प्रदेशभर में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 6 डिग्री ज्यादा दर्ज हो रहा है।

Related Articles

Back to top button