देहरादून प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रशासन ने अभूतपूर्व तैयारी शुरू कर दी है। इस बार उनके स्वागत के लिए आशारोड़ी चेकपोस्ट से जसवंत ग्राउंड तक करीब 10 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाई जाएगी, जिसमें हजारों लोग शामिल होकर काफिले का भव्य स्वागत करेंगे।
10 किलोमीटर मार्ग पर बनेगी मानव श्रृंखला
पूरे मार्ग के एक ओर विभिन्न वर्गों के लोग कतारबद्ध खड़े रहेंगे और प्रधानमंत्री के काफिले के गुजरने पर पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ स्वागत करेंगे। यह पहला मौका होगा जब देहरादून में इतने बड़े पैमाने पर मानव श्रृंखला के जरिए प्रधानमंत्री का स्वागत किया जाएगा।
समाज के हर वर्ग की भागीदारी
इस आयोजन में स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ-साथ सामाजिक संगठन, राजनीतिक दल, औद्योगिक क्षेत्र, चिकित्सा संस्थान और शिक्षण संस्थानों से जुड़े लोग भी शामिल होंगे। महिलाओं और पुरुषों के अलग-अलग समूह बनाकर पूरी श्रृंखला को सुव्यवस्थित रूप दिया जा रहा है।
मार्ग को सेक्टरों में बांटकर होगी व्यवस्था
पूरे 10 किलोमीटर मार्ग को कई सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा और हर सेक्टर की जिम्मेदारी अलग-अलग टीमों को सौंपी जाएगी। आशारोड़ी से जसवंत ग्राउंड के बीच आईएसबीटी और बल्लीवाला फ्लाईओवर के हिस्सों में मानव श्रृंखला नहीं बनाई जाएगी, लेकिन बाकी पूरे मार्ग पर लगातार कतार बनी रहेगी।
सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मानव श्रृंखला के बीच-बीच में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, जिसमें अधिकारी, निरीक्षक, महिला और पुरुष उपनिरीक्षक तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल होंगे।
2000 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की मांग
प्रधानमंत्री के काफिले के सुरक्षित आवागमन के लिए लगभग 2000 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की मांग की गई है। इसके साथ ही पीएसी बल को भी तैनात किया जाएगा, जो पूरे मार्ग और कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था संभालेगा।
प्रशासन का दावा—एकता और अनुशासन का प्रदर्शन
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने कहा कि यह आयोजन केवल स्वागत नहीं, बल्कि शहर की एकजुटता और अनुशासित जनभागीदारी का बड़ा उदाहरण होगा। सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही पूरे मार्ग की निगरानी कर रही हैं ताकि कार्यक्रम में किसी प्रकार की बाधा न आए।




