उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़स्पोर्ट्स

मुख्यमंत्री के हाथों मिला सम्मान तो खिल उठे खिलाड़ियों के चेहरे

लखनऊ। जकार्ता एशियाई खेल में सबसे कम उम्र में रजत पदक जीतने वाले भारतीय निशानेबाज मेरठ के शार्दूल विहान और कांस्य पदक विजेता पहलवान मुजफ्फरनगर की पहलवान दिव्या काकरान, जकार्ता एशियाई खेल में कांस्य और चैंपियंस ट्रॉफी में रजत पदक विजेता हॉकी खिलाड़ी वाराणसी के ललित कुमार उपाध्याय, ग्लास्गो राष्ट्रमण्डल खेल की कांस्य पदक विजेता लखनऊ की स्वाति सिंह और इंचियोन एशियाई खेल की कांस्य पदक विजेता मेरठ की अन्नू रानी सहित राज्य के 16 खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने राज्यके सर्वोच्च खेल सम्मान रानी लक्ष्मीबाई और लक्ष्मण पुरस्कार से सम्मानित किया।

राज्य के 16 खिलाड़ियों को मिला राज्य का सर्वोच्च खेल सम्मान रानी लक्ष्मीबाई और लक्ष्मण पुरस्कार

अवध शिल्प ग्राम में बुधवार को हुए इस समारोह में इस मौके पर पर्वतारोही लखनऊ की अरुणिमा सिन्हा का भी सम्मान किया गया। सम्मान समारोह में प्रत्येक खिलाड़ी को 3.11 लाख रुपए की नगद राशि, प्रशस्ति पत्र के साथ महिला खिलाड़ी को रानी लक्ष्मीबाई और पुरूष खिलाड़ी को लक्ष्मण जी की कांस्य प्रतिमा प्रदानकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल राम नाईक, उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा, खेल मंत्री चेतन चौहान, कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण और सत्यदेव समेत तमाम हस्तियां मौजूद थीं।

लक्ष्मीबाई पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ियों में लखनऊ की अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर स्वाति सिंह, राष्ट्रमंडल खेल गोल्डकोस्ट और जकार्ता एशियाई खेल में कांस्य विजेता पहलवान दिव्या काकरान, इंचियोन एशियाई खेल की कांस्य पदक विजेता मेरठ की जैवलिन थ्रोअर अन्नू रानी, तीरंदाज रितिका सिंह, सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी प्रयागराज की नमिता सेठ, वुशु खिलाड़ी विशाखा मलिक, हैण्डबाल खिलाड़ी तेजस्वनी सिंह सहित वेटरन वर्ग में पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मंजू बिष्ट को सम्मानित किया गया। अन्नू रानी के समारोह में न आने के चलते उनके भाई ने सम्मान ग्रहण किया।

वहीं पुरुषों में जकार्ता एशियाई खेल में सबसे कम उम्र में रजत पदक जीतने वाले भारतीय निशानेबाज मेरठ के शार्दूल विहान, हॉकी खिलाड़ी वाराणसी के ललित कुमार उपाध्याय, अंतरराष्ट्रीय जूडो खिलाड़ी वाराणसी के विजय कुमार गुप्ता, अंतरराष्ट्रीय धावक इलाहाबाद के अजय कुमार सरोज, अंतरराष्ट्रीय पहलवान बागपत के संदीप तोमर और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकने वाले पहले भारतीय जिमनास्ट प्रयागराज के आशीष कुमार शामिल हैं। बुजुर्ग वर्ग में वर्ल्ड कप और एशियाई खेलों में पदक विजेता हॉकी खिलाड़ी झांसी के अब्दुल अजीज और अंतरराष्ट्रीय एथलीट अमरीश कुमार को सम्मानित किया।

लक्ष्मण पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ीः-
हॉकी: ललित कुमार उपाध्याय (वाराणसी), कुश्तीः संदीप तोमर (बागपत), शूटिंगः शार्दूल विहान (मेरठ), जूडोः विजय कुमार यादव (वाराणसी), एथलेटिक्सः अजय कुमार सरोज (प्रयागराज), जिम्नास्टिकः आशीष कुमार (प्रयागराज), वेटरन वर्गः हॉकी में अब्दुल अजीज (झांसी) और एथलेक्टिस में अमरीश कुमार (हापुड़)।
रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ीः-
कुुश्तीः दिव्या काकरान (मुज्जफरनगर), भारोत्तोलनः स्वाति सिंह (वाराणसी), तीरंदाजीः रितिका सिंह (बागपत), एथलेटिक्सः अन्नू रानी (मेरठ), सॉफ्ट टेनिसः नमिता सेठ (प्रयागराज), वुशूः विशाखा मलिक (मेरठ), हैण्डबालः तेजस्विनी सिंह (प्रयागराज), वेटरन वर्गः हॉकी में मंजू बिष्ट (लखनऊ)

खिलाड़ी कोटे के रिक्तपदों को भरने की प्रक्रिया तत्काल शुरू होंः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

लखनऊ। प्रदेश में खिलाड़ी कोटे के पदों को भरने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए क्योंकि खिलाड़ियों के सामने आजीविका का संकट होगा तो अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को मुख्य सचिव को यह निर्देश दिए। अवध शिल्प ग्राम में आयोजित यूपी दिवस एवं विश्वकर्मा श्रम सम्मान समारोह में बोलत हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को खेल के लिए प्रोत्साहित किया जाए, हर गांव में युवक मंगल दल हों। उन्होंने हर गांव में खेल मैदान बनाने के लिए जमीन ढूंढने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की खेलो इंडिया योजना को हर गांव तक ले जाने की जरूरत है।

दिव्यांग पर्वतारोही अरुणिमा सिन्हा को 11लाख का नगद पुरस्कार

मुख्यमंत्री ने दिव्यांग पर्वतारोही अरुणिमा सिन्हा के साहस और लगन की सराहना करते हुए उन्हें 11 लाख रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की। उन्होंने अरुणिमा सिन्हा को उनके साहसिक कार्यों के लिए पहले सम्मानित किया था। नकद ईनाम देने की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें सम्मान तो दिया गया लेकिन नकद ईनाम देने में संकोच किया गया। वह युवाओं की प्रेरणास्रोत हैं। इस कारण वह यह घोषणा कर रहे हैं।
राज्यपाल राम नाईक ने अपने संबोधन में यूपी दिवस मनाने के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि वह यूपी में राज्यपाल बनकर आए थे तो यूपी को उत्तम प्रदेश बनाने का संकल्प लिया था, लेकिनयोगी आदित्यनाथ की अगुवाई में यह प्रदेश सर्वाेत्तम प्रदेश बन रहा है। यहां खिलाड़ियों का सम्मान हो रहा है तो सड़क पर बैठकर बाल काटने वाले नाई का भी सम्मान हो रहा है।

Related Articles

Back to top button