
कौशांबी में भीषण सड़क हादसा: ट्रैक्टर-ऑटो की आमने-सामने टक्कर, एक ही परिवार के 7 लोग घायल
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशी के माहौल को मातम में बदल दिया। सराय अकिल क्षेत्र के सरैया मोड़ के पास ट्रैक्टर और ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत में एक ही परिवार के सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को राहगीरों की मदद से तत्काल इलाज के लिए सीएचसी सराय अकिल में भर्ती कराया गया। हादसे के चलते पुरखास-प्रयागराज मार्ग पर करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
शादी में जा रहा था परिवार, रास्ते में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र के संड़वा गांव निवासी अमर पाल अपने परिवार के साथ एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। उनके बहनोई हरिनंदन निवासी गुहौली की बहन की गुरुवार को शादी थी। परिवार ने ऑटो बुक किया था और सभी समारोह में शामिल होने के लिए निकले थे।
बताया गया कि बकोढ़वा गांव के समीप सरैया मोड़ पर सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
एक ही परिवार के सात लोग जख्मी
हादसे में अमर पाल के साथ उनका बेटा विनोद कुमार, प्रमोद कुमार, मिथुन पुत्र सुरेश, कल्लू पुत्र हंसराज, रोशन पुत्र रामदास और उधोश्याम घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर सभी को अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने विनोद कुमार की हालत गंभीर देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
चार किलोमीटर पीछा कर पकड़ा गया ट्रैक्टर चालक
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी वीर प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक का करीब चार किलोमीटर तक पीछा कर उसे वाहन समेत पकड़ लिया। एसएचओ ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हादसे के कारण पुरखास-प्रयागराज मार्ग पर करीब आधे घंटे तक आवागमन बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारु कराया।



