उत्तर प्रदेश

मथुरा में भीषण सड़क हादसा, यमुना एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कंटेनर ने यात्रियों को कुचला, 6 की मौत

मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया। बस से लघुशंका के लिए नीचे उतरे यात्रियों को तेज रफ्तार कंटेनर ने रौंद दिया। हादसे में मौके पर ही छह यात्रियों की मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना सुबह करीब पौने तीन बजे सुरीर थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 88 के पास हुई।

लघुशंका के लिए रुकी बस, ग्रीन जोन में न रोकने से बढ़ा खतरा
जानकारी के अनुसार दिल्ली के नांगलोई से कानपुर के रसूलाबाद जा रही बस में सवार यात्रियों ने लघुशंका के लिए चालक से बस रोकने को कहा था। चालक ने ग्रीन जोन में बस न रोकते हुए सड़क किनारे ही बस खड़ी कर दी। इसके बाद यात्री बस से उतरकर नीचे गए ही थे कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले बस में टक्कर मारी और फिर सड़क पर खड़े यात्रियों को कुचल दिया।

मौके पर मची चीख-पुकार, छह यात्रियों की गई जान
हादसा इतना भयावह था कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। मौके पर ही औरैया के सरवा कटरा निवासी सोनू, बस्ती के अलेवल निवासी देवेश, कन्नौज के गणेश का पुरवा निवासी अस्लम, दिल्ली के प्रेम नगर निवासी संतोष सहित दो अन्य यात्रियों की मौत हो गई। मृतकों में दो लोगों की अभी पहचान नहीं हो सकी है।

एक यात्री घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे में औरैया के बेला निवासी अमर दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार घटना के समय कोहरा नहीं था और दृश्यता सामान्य बनी हुई थी।

हादसे के बाद कुछ देर बाधित रहा यातायात
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। इंस्पेक्टर सुरीर अजय कुमार ने बताया कि दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए यमुना एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन शवों को हटवाकर और क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे कर आवागमन सुचारू करा दिया गया।

मुख्यमंत्री योगी ने लिया संज्ञान, जताई संवेदना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में हुए इस सड़क हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Back to top button