टॉप न्यूज़राष्ट्रीय

उमस का कहर जारी, देशभर के 15 राज्यों में आज बारिश का Yellow Alert

नई दिल्ली: देशभर में मानसून की वापसी का दौर शुरू हो चुका है, जिससे बारिश का सिलसिला थमने लगा है। हालांकि, सुबह और शाम की ठंडक के बावजूद दिन में लोगों को उमस से जूझना पड़ रहा है। दिल्ली और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में तापमान 35 डिग्री के पार पहुंच गया है। बीते दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 डिग्री और मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में 35.5 डिग्री दर्ज किया गया। इसके साथ ही दिल्ली में 57% तक की ह्यूमिडिटी रिकॉर्ड की गई, जिससे उमस की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली में बारिश की संभावना फिलहाल न के बराबर बताई है, लेकिन देश के करीब 15 राज्यों में आज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आइए जानते हैं मौसम विभाग का ताजा अपडेट।

उमस का कहर जारी
एक अगस्त से 20 सितंबर तक लगातार बारिश के बाद अब दिल्ली में मानसून की विदाई हो चुकी है। पिछले 3 दिनों से राजधानी में बारिश नहीं हुई है, लेकिन उमस की स्थिति बेहद गंभीर है। सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 डिग्री रहा, जबकि ह्यूमिडिटी का स्तर 57% तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी दिल्ली में मौसम साफ रहेगा और अच्छी धूप निकलेगी, जिससे उमस का असर जारी रहेगा। हालांकि, सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक भी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि कल रात से मौसम बदल सकता है और इसके बाद अगले तीन दिनों तक बारिश होने की संभावना है।

अन्य राज्यों की स्थिति
दिल्ली के अलावा मध्य प्रदेश में भी तापमान 35 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। बीते दिन टीकमगढ़ में 35.5 डिग्री, सतना में 35.1 डिग्री, गुना में 35.8 डिग्री, और ग्वालियर में 35.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

बिहार में गंगा नदी अभी भी उफान पर है, जिससे 10 से ज्यादा जिलों के कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं और लगभग 10 लाख लोग प्रभावित हो चुके हैं। उत्तर प्रदेश में भी गंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे कानपुर के 10 से ज्यादा गांव बाढ़ की चपेट में हैं।

इन राज्यों में आज होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र में आज बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, गुजरात, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, असम, मेघालय, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा जैसे राज्यों में भी भारी बारिश का अनुमान है। साथ ही, कोंकण-गोवा, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड, और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है।

IMD की इस चेतावनी के साथ, बारिश से प्रभावित राज्यों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button