उत्तर प्रदेशराज्य

शादी के बाद 40 दिन में सिर्फ 6 बार नहाया पति, परेशान होकर पत्नी पहुंची मायके

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसके बारे में जानकर आप हैरान रह जाएंगे। जहां एक दूल्हा दुल्हन की शादी को अभी 40 दिन ही हुए थे। इस दौरान पति सिर्फ 6 बार नहाया जिसको देखकर पत्नी के होश उड़ गए। जिसके बाद वह मायके चली गई और पुलिस से शिकायत की। महिला ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया था लेकिन काउंसलिंग में विवाद की असली वजह सामने आई। अगली तारीख पर पति-पत्नी को बुलाया गया है। समझौते के प्रयास किए जाएंगे। पत्नी का कहना है कि पति रोज नहाएगा तभी साथ रहेगी। वह ऐसे गंदे इंसान के साथ कैसे रह ले जो नहाता ही नहीं है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, युवती पूजापाठ वाली है। प्रतिदिन सुबह नहाकर पूजा करती है। ससुराल पहुंची तो उसने ऐसा ही किया। उसने देखा कि पति बाथरूम में जाता है। हाथ-पैर धोकर बाहर निकल जाता है। बालों पर पानी का हाथ फेर लेता है। इसे पालिश कहता है। बोलता है कि नहाने का मन नहीं। ऐसे ही पालिश करके पूजापाठ भी करता है। उसने पति को टोका। उससे कहा कि नहाकर ही पूजा होगी। वह भगवान को छूने तक नहीं देगी। उसके घर ऐसा नहीं होता था। प्रतिदिन नहाकर ही पूजा होती है। चाहें जितनी सर्दी पड़े।

आरोप है कि इस पर पति ने उसे उल्टा सीधा बोल दिया। कहा कि वह जैसे रहता था वैसे ही रहेगा। किसी के कहने पर 24 घंटे बाथरूम में नहीं बैठा रहेगा। उसे ऐसे ही नहाने की आदत है। उससे कोई बदबू नहीं आती। विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी मायके चली गई। उसने मायके वालों को विवाद की वजह बताई तो युवती के घरवाले भी हैरान रह गए। कुछ लोगों ने इस बात पर उसका मजाक भी बनाया। नहाने के विवाद में मामला इतना बढ़ गया था कि पति ने पत्नी से साफ कह दिया था जो किया जाए कर ले। वह तो अपने तरीके से ही जीएगा। पुलिस अब इस मामले को सुलझाएगी। परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलिंग कराई जाएगी। नहाने के फायदे बताए जाएंगे। कोशिश रहेगी कि पति रोज नहाए ताकि घर में रार नहीं हो।

Related Articles

Back to top button