भारत युद्ध खत्म कराने के लिए शांति प्रस्ताव रखता है तो रूस इसके लिए तैयार : रूसी राजदूत

मास्को : रूस और यूक्रेन के बीच पिछले तीन साल से युद्ध चल रहा है। अब कई देश इस युद्ध को खत्म करवाने की कोशिश में लगे हुए हैं। भारत (India) ने भी अपील की है कि दोनों ही देशों को युद्ध समाप्त कर देना चाहिए। भारत में रूसी राजदूत डेनिस अलीपोव ने एक इंटरव्यू में कहा है कि भारत ने रूस और यूक्रेन युद्ध में किसी का पक्ष नहीं लेकर सही रास्ता चुना है। साथ ही, यह भी कहा कि अगर भारत दोनों देशों के बीच युद्ध खत्म करवाने के लिए शांति प्रस्ताव रखता है तो रूस इसके लिए तैयार है।
रूसी राजदूत डेनिस अलीपोव ने कहा, ”यदि भारत शांति प्रस्ताव रखता है, तो हमने कहा है कि हम इसके लिए तैयार हैं। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी कहा है कि हम सभी गंभीर प्रस्तावों के लिए तैयार हैं, लेकिन सभी प्रस्तावों में संघर्ष के मूल कारण को लेकर होना चाहिए।” भारत ने अब तक रूस और यूक्रेन में से किसी एक का साथ नहीं दिया है, बल्कि साफ तौर पर दोनों ही देशों से युद्ध को खत्म करने के लिए कहा है। सोमवार को भी भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के मसौदा प्रस्ताव पर वोटिंग नहीं की, जिसमें तनाव कम करने, शत्रुता को जल्द खत्म करने और यूक्रेन के खिलाफ युद्ध का शांतिपूर्ण समाधान करने का आह्वान किया गया था।
वहीं, हथियारों की खरीद पर रूसी राजदूत ने कहा कि “भारत अन्य स्रोतों से रक्षा उपकरण और हथियार खरीदने के लिए स्वतंत्र है। जाहिर है, अमेरिकी उपकरण रूसी प्रोडक्ट्स की तुलना में बहुत महंगे हैं। मौजूदा संघर्ष ने हमारे उत्पादों की बहुत अच्छी गुणवत्ता को दिखाया है। बहुत सस्ते, जिनमें विमान, मानव रहित वाहन और कई अन्य शामिल हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि मुझे लगता है कि भारत ‘मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम के लिए अधिक उत्सुक है ताकि देश के भीतर उपकरण निर्मित किए जा सकें। ऐसा होने के लिए, भारत रूस सहित सभी पक्षों के साथ सहयोग करने के लिए तैयार है। भारतीय बाजार बहुत प्रतिस्पर्धी है। ‘मेक इन इंडिया’ लॉन्च होने से पहले, रूस के साथ सह-उत्पादन और तकनीक हस्तांतरण हुआ था। हम इस बाजार में बहुत मौजूद हैं, और हम प्रतिस्पर्धा करने के लिए तैयार हैं। भारतीय बाजारों में हमारी स्थिति बहुत मजबूत है।