शिमला-मनाली की भीड़ से दूर चाहिए सुकून? गर्मियों में घूमने के लिए ये 5 हिल स्टेशन हैं परफेक्ट चॉइस

गर्मियों का मौसम शुरू होते ही ठंडी और शांत जगहों पर घूमने की चाहत बढ़ जाती है। आमतौर पर लोग शिमला, मनाली या नैनीताल का रुख करते हैं, लेकिन वहां की भीड़ और शोर कई बार सुकून के अनुभव को कम कर देता है। ऐसे में अगर आप इस बार भीड़ से दूर प्रकृति के बीच सच्ची शांति की तलाश में हैं, तो देश के कुछ अनछुए और कम भीड़भाड़ वाले हिल स्टेशन आपके लिए बेहतरीन विकल्प साबित हो सकते हैं।
कौसानी: हिमालय के बीच ‘भारत का स्विट्जरलैंड’
उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में स्थित कौसानी अपनी अद्भुत प्राकृतिक खूबसूरती के लिए प्रसिद्ध है। यहां से त्रिशूल, नंदा देवी और पंचाचूली जैसी हिमालयी चोटियों का मनमोहक दृश्य दिखाई देता है। चीड़ के जंगलों और चाय के बागानों से घिरा यह शांत स्थान प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है।
शोजा: सुकून भरा छोटा पहाड़ी गांव
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में बसा शोजा एक बेहद शांत और खूबसूरत हिल स्टेशन है। जलोड़ी पास के पास स्थित यह जगह अपने लकड़ी के घरों और प्राचीन मंदिरों के लिए जानी जाती है। यहां का शांत वातावरण और हरियाली आपको शहर की भागदौड़ से पूरी तरह दूर ले जाती है।
पब्बर वैली: अनछुई वादियों का अनुभव
शिमला के पास स्थित पब्बर वैली अभी भी पर्यटकों की भीड़ से काफी हद तक अछूती है। सेब के बागान, बहती पब्बर नदी और घने देवदार के जंगल इसकी पहचान हैं। यहां कैंपिंग, ट्रेकिंग और फिशिंग जैसी गतिविधियों का आनंद लिया जा सकता है, जो इसे एडवेंचर और सुकून दोनों के लिए खास बनाता है।
जीरो वैली: संस्कृति और प्रकृति का संगम
अरुणाचल प्रदेश की जीरो वैली अपनी प्राकृतिक सुंदरता और अपातानी जनजाति की अनूठी संस्कृति के लिए जानी जाती है। दूर-दूर तक फैली हरियाली और ठंडी हवाएं यहां आने वालों को एक अलग ही दुनिया का एहसास कराती हैं। यह जगह प्रकृति के साथ-साथ सांस्कृतिक अनुभव के लिए भी खास है।
मुनस्यारी: बर्फीली चोटियों के बीच सुकून
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में स्थित मुनस्यारी पंचाचूली पर्वत श्रृंखला के शानदार नजारों के लिए प्रसिद्ध है। यह ट्रेकिंग के लिए बेस कैंप के रूप में जाना जाता है, लेकिन शांत माहौल और खूबसूरत वादियां इसे सुकून भरी छुट्टियों के लिए भी परफेक्ट बनाती हैं।



