उत्तर प्रदेशराज्य

आगरा में मुस्लिम लड़के संग लापता हुई लड़की के लौटने पर बवाल, घर को लगाई आग

आगरा: यूपी के आगरा जिले में मुस्लिम जिम संचालक के साथ गायब हुई हिन्‍दू लड़की के वापस लौटने के बाद भी बवाल थमने की बजाए बढ़ गया है। आक्रोशित लोगों ने शुक्रवार को इस मामले में पंचायत के बाद आरोपी जिम संचालक साजिद, उसके भाई मुजाहिद और चाचा रहीस के घरों में आग लगा दी। उनका गुस्‍सा इस बात पर था कि पुलिस अभी तक जिम संचालक को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इस मामले में एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने लापरवाही बरतने के आरोप में रुनकता के चौकी इंचार्ज जितेन्‍द्र सिंह को सस्‍पेंड कर दिया। इसके साथ ही थाना प्रभारी सिकंदरा के खिलाफ भी जांंच के आदेश दिए हैं। आगजनी के आरोप में 4 लोगों को हिरासत में लिया है।

गौरतलब है कि 11 अप्रैल की दोपहर को आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र के रुनकता से पोस्‍ट ग्रेजुएशन की एक छात्रा गायब हो गई थी। जिम संचालक साजिद पर उसे गायब करने का आरोप लगा। पुलिस ने बुधवार देर रात लड़की को बरामद किया गया है। आरोपी जिम संचालक अभी तक फरार है। इस बीच बुधवार को लड़की के कुछ वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुए थे जिसमें उसने मर्जी से जाने की बात कही थी। वीडियो में आरोपी साजिद भी नजर आया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस एक टीम लड़की की तलाश में दिल्‍ली भी गई थी। बुधवार देर रात पुलिस ने उसे सिकंदरा क्षेत्र से ही बरामद कर लिया। लड़की के वापस लौट आने के बावजूद मोहल्‍ले वालों का गुस्‍सा शांत नहीं हुआ। शुक्रवार की सुबह इस मामले में पंचायत बैठी। आरोप है कि पंचायत में जुटी भीड़ ने गुस्‍से में 3 आरोपियों के घरों में आग लगा दी। उस दौरान घरों पर ताले लटके थे। उनके परिवारों का कोई शख्‍स मौजूद नहीं था।

अखिल भारत हिंदू महासभा ने जिम संचालक के साथ लड़की के गायब होने के मामले कार्रवाई की मांग को लेकर 12 अप्रैल की रात को थाने का घेराव किया था। महासभा के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को लड़की की बरामदगी के लिए अल्‍टीमेटम दिया था। इस मामले सिंकदरा थाने के प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह का कहना है कि लड़की की बरामदगी के बाद जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। आरोपी और उसके मददगारों की तलाश लगातार जारी है। जल्‍द ही उन्‍हें गिरफ्तार किया जाएगा।

शुक्रवार को आरोपियों के घर में आग लगाए जाने की घटना के बाद रुनकता के चौकी इंचार्ज जितेन्‍द्र सिंह को सस्‍पेंड कर दिया है। एसएसपी ने थाना प्रभारी सिकंदरा के खिलाफ जांच शुरू करा दी है। लापरवाही पाए जाने पर उनके खिलाफ भी कार्यवाही की जाएगी। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि आगजनी के मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है उनसे पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Back to top button