
लुधियाना। शहर के जालंधर बाईपास के पास स्थित दाना मंडी इलाके में स्कूटी चोरी का एक मामला सामने आया है, जहां लोगों ने संदिग्ध युवक और महिला को रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोप है कि दोनों एक एक्टिवा स्कूटी चुराकर ले जा रहे थे। गुस्साए लोगों ने मौके पर ही दोनों को पकड़कर उनकी जमकर पिटाई कर दी।
बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान दोनों ने स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और कई लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया।
गुरुद्वारा माथा टेकने गया था पीड़ित
जानकारी के अनुसार चंद्र नगर निवासी एक व्यक्ति ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का गुजर-बसर करता है। वह अपनी पत्नी के साथ मॉडल टाउन स्थित बाबा दीप सिंह जी गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने गया था। इसी दौरान उसे फोन पर सूचना मिली कि उसके घर के बाहर खड़ी एक्टिवा स्कूटी चोरी हो गई है।
सूचना मिलते ही वह तुरंत अपनी पत्नी के साथ घर की ओर लौटने लगा और रास्ते में ही अपनी स्कूटी की तलाश भी करता रहा।
रास्ते में दिख गई अपनी स्कूटी
जब वह जालंधर बाईपास के पास दाना मंडी इलाके से गुजर रहा था तो उसकी नजर सड़क किनारे खड़ी अपनी एक्टिवा पर पड़ी। स्कूटी के पास एक युवक और एक महिला खड़े थे, जिन पर उसे शक हुआ।
पीड़ित ने जब दोनों को रोकने की कोशिश की तो वे वहां से भागने लगे।
लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया
पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पीछा करके दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने उनकी जमकर पिटाई कर दी।
बताया जा रहा है कि मौके पर काफी देर तक हंगामा होता रहा और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। घटना के दौरान कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो भी बनाई, जो अब इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।



