बिहार

पटना में साली से अवैध संबंध बना हत्या की वजह, साढ़ू ने साथियों संग की वारदात; बोरे में बंद कर झाड़ी में फेंका शव

पटना जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा हुआ है। मसौढ़ी अनुमंडल के धनरुआ थाना क्षेत्र में साली से अवैध संबंध के चलते एक युवक की उसके ही साढ़ू ने निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शव को बोरे में बंद कर सड़क किनारे झाड़ी में फेंक दिया।

चार दिन से लापता था युवक, बहन की शिकायत से खुला राज
धनरुआ थाना क्षेत्र के चंदापर गांव निवासी स्वर्गीय शिवचंद सिंह के पुत्र विक्की कुमार बीते चार-पांच दिनों से लापता था। मृतक की बहन निक्की देवी ने मंगलवार शाम पुलिस को सूचना दी कि उसके भाई का मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहा है और उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है। बहन की शिकायत के बाद पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की।

साढ़ू पर शक, हिरासत में लेकर की गई पूछताछ
पुलिस जांच के दौरान शक की सुई विक्की के साढ़ू और मसौढ़ी डीह निवासी सिद्धनाथ कुमार पर जाकर टिकी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद पूरे मामले का चौंकाने वाला खुलासा हुआ।

अवैध संबंध की कबूलनामा, हत्या की बात मानी
पूछताछ के दौरान सिद्धनाथ कुमार ने स्वीकार किया कि उसके विक्की की पत्नी से अवैध संबंध थे और वह अक्सर उसके घर जाया करता था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और उसने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर विक्की कुमार की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को एक बोरे में बंद कर महादेवपुर के पास सड़क किनारे स्थित एक पईन और झाड़ी में फेंक दिया गया।

निशानदेही पर बरामद हुआ शव, एफएसएल जांच में जुटी
कन्हैया कुमार ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर विक्की कुमार का शव बरामद कर लिया गया है। मौके पर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं।

मामला दर्ज, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपी से पूछताछ जारी है। साथ ही वारदात में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button